
रतलाम,2सितम्बर(खबरबाबा.काम)। मकान था खंडहरनुमा। देखकर कोई सोच भी नहीं सकता है कि अंदर कोई होगा। जबकि वहां रात के समय दो दर्जन से ज्याद लोग जमा थे, शायद इसी मकसद से की वहां कोई धमक नहीं सकेगा। दबे पैर जब पुलिस जा धमकी तो सारे के सारे लोग हक्के-बक्के रह गए। वहां सत्ताईस लोग जमा थे जो लाखों रुपयों की नगदी के साथ ताशपत्तों पर दांव लगा रहे थे। तीन लाख तैंतीस हजार की नगदी जब्त कर पुलिस ने खंडहरनुमा मकान में चल रहे जुआ घर का भंडाफोड़ किया है ।
पुलिस कप्तान राहुल कुमार लोढा ने पुलिस को अवैध गोरखधंधों के साथ जुआ-सट्टा के खिलाफ कड़ी कार्रवाई में जुटा रखा है। एसपी को मुखबिर से इंडस्ट्रीयल एरिया के एक खंडहरनुमा मकान में जुआ घर संचालित होने की सूचना मिली। एसपी के निर्देश पर पुलिस टीम छापामार कार्रवाई के लिए मुखबिर के बताए खंडहरनुमा मकान पर पहुंचे। सादी वर्दी में पुलिस जवानों को हकीकत पता लगाने के लिए पहले वहां दबे पैर भिजवाया। दूर खड़े पुलिस टीम को जैसे ही जवानों का इशारा मिला वैसे ही पूरी टीम घेराबंदी के साथ खंडहर में जा धमकी। पुलिस भी दंग रह गई कि वहां कोई चार पांच लोग नहीं बल्कि सत्ताईस लोग जमा थे, जो ताशपत्तों पर रुपयों-पैसों का दांव लगा रहे थे।
पुलिस की घेराबंदी इतनी तगड़ी थी कि एक भी व्यक्ति वहां से भाग नहीं सका। सत्ताईस लोगो को पुलिस ने अपनी गिरफ्त में लिया। जिसमें रतलाम, नामली, बिलपांक, सुराना के अलावा उज्जैन, खाचरौद और बदनावर के लोग शामिल है। पुलिस ने मौके से ताशपत्तों की चार गड्डी सहित तीन लाख तैंतीस हजार की नगदी जब्त की है। पुलिस ने सभी लोगों के खिलाफ जुआ एक्ट में अपराध कायम किया है।


