
रतलाम,14सितम्बर(खबरबाबा.काम)। बिलपांक थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने वाली गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

बिलपांक थाना प्रभारी ओ.पी. सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 अगस्त को फरियादी मोहन पाटीदार निवासी मड़ावदा थाना खाचरोद उज्जैन ने थाने बिलपांक में एक रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि दो माह पूर्व में ग्राम धराड़ के एक परिचित आनंदीलाल पाठक ने फरियादी को बोला था कि ‘तुम्हारी शादी नहीं हो रही है। मेरी नजर में एक लड़की है। थोड़े पैसे लगेंगे लेकिन तुम्हारी शादी करवा दूंगा।’
फरियादी मोहन पाटीदार ने आनंदी लाल पाठक की बातों में आकर शादी के लिए हां कर दी । आनंदीलाल पाठक ने अपने परिचित दलाल गोपाल राव निवासी अमली थाना बेटवा धार से चर्चा कर फरियादी मोहन पाटीदार की मुलाकात दलाल गोपाल से करवाई ।
आनंदीलाल पाठक और गोपाल राव ने मिलकर एक अन्य दलाल कमलेश कटारे निवासी आड़ा बयड़ा थाना मनावर धार से संपर्क कर शादी के लिए लड़की की व्यवस्था करने के लिए बोला।
कमलेश कटारे प्लान के मुताबिक पायल नाम की लड़की और गोपाल राव को लेकर धराड़ आया और धराड़ के अपने साथी आनंदीलाल पाठक को ले कर फरियादी को धराड़ के बाहर सगस बाबजी मंदिर के पास बुलवा कर लड़की दिखाई और बातचीत तय कर शादी करने के लिए 29 जुलाई की तारीख तय कर दी। दो लाख शादी के दिन फरियादी से लेने की बात भी तय हुई।
शादी की तारीख के दिन फरियादी अपने परिवार के साथ सतरुंडा माता टेकरी पर पहुंचा। वहां पर महिला पायल, उसका चचेरा भाई कमलेश कटारे, गोपाल राव और आनंदीलाल पाठक भी साथ में पहुंचे। इन्होंने मंदिर में शादी की ओर 1 लाख 60 हजार दिए एवं शादी में लगने वाली ज्वेलरी महिला को पहनाई । शादी होने के बाद फरियादी मोहन, पायल को लेकर अपने घर चले गए। गीता 6 दिन तक घर में रही और सातवे दिन सुबह 5 बजे पहनी हुई ज्वेलरी और घर में रखे 50 हजार लेकर फरार हो गई। फरियादी ने आनंदलाल पाठक और गोपाल राव दलाल से संपर्क किया तो ये दोनो लोग बोले कि हम उस लड़की के बारे में कुछ नहीं जानते तुम ज्यादा खोज बीन करोगे तो वो लड़की तुमको पुलिस में रिपोर्ट करके किसी केस में फसवा देगी। फरियादी ने डर के कारण रिपोर्ट नहीं किया ।
फरियादी आपने साथियों के साथ लड़की का पता करने उसके गांव आड़ा बयडा गया, वहां पर गांव के बाहर महिला गीता और दलाल कमलेश मिले और फरियादी और उसके साथी को गांव के बाहर ले जाकर चाकू दिखा कर डरा धमकाव कर वहा से वापस भगा दिया। फरियादी परेशान होकर थाने पर रिपोर्ट किया जिस पर अपराध पंजीकृत कर विवेचना दौरान तीनों दलाल सहित महिला की गिरफ्तारी की कार्रवाई की गई। इनके पास से तीस हजार रुपए और घटना में प्रयुक्त चाकू, मोबाइल जप्त किया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी बिलपांक ओ.पी. सिंह एवं टीम सब इंस्पेक्टर अल्केश सिंगाड़, सब इंस्पेक्टर सुरेश गोयल प्रधान, आरक्षक रमेश डाबी आरक्षक गजेंद्र झाला की सराहनीय भूमिका रही।


