
रतलाम 13 सितंबर (खबरबाबा.काम)। राज्य शासन की महत्वाकांक्षी माही नदी समूह जल प्रदाय योजना पर इसी सितंबर माह से काम शुरू होने जा रहा है। लगभग 1700 करोड रुपए लागत की माही योजना जिले के 656 ग्रामो को पानी उपलब्ध कराएगी। योजना के टेंडर तथा वर्क आर्डर हो चुके हैं । हैदराबाद की कंस्ट्रक्शन कंपनी सितंबर अंत से काम शुरू कर देगी।

सांसद गुमान सिंह डामोर ने बुधवार को दिशा समिति की बैठक में माही समूह जल प्रदाय योजना तथा मझोडिया जलप्रदाय योजना की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। दोनों योजनाओं को 24 माह में पूरा करने का लक्ष्य है।
बताया गया कि माही समूह जल प्रदाय योजना में कुल 4431 किलोमीटर लंबाई में पाइप लाइन बिछाई जाएगी। जल निगम के महाप्रबंधक कुलदीप सिंह कलम ने बताया कि माही योजना के पूर्ण हो जाने पर रतलाम जिले के 656 ग्रामों को पानी मिलेगा। इनमें रतलाम ग्रामीण के 168, पिपलोदा के 90, जावरा के 145, सैलाना के 220 तथा बाजना के 33 ग्राम लाभान्वित होंगे।
माही समूह जलप्रपात योजना में तलवाड़ा बैराज के समीप महुडी का माल स्थित माही डैम से पानी लिफ्ट किया जाएगा। योजना अंतर्गत 209507 एमएलडी क्षमता का इंटेकवेल तथा 164.62 एमएलडी क्षमता का ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाएगा। इस योजना में 216 टंकियों का निर्माण होगा। माही समूह जल प्रदाय जैसी महत्वपूर्ण योजना से रतलाम जिले के 656 ग्रामों की लगभग 14 लाख जनसंख्या को फायदा मिलेगा। योजना रतलाम जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
मझोडिया योजना पर भी इसी माह से काम शुरू हो जाएगा
जल निगम की एक और महत्वपूर्ण योजना मझोडिया समूह जलप्रदाय योजना पर भी इसी सितंबर माह से काम शुरू होने जा रहा है। इस योजना में माही नदी पर मझोडिया में इंटेकवेल बनाया जाएगा। ग्राम गवलीपाड़ा में बनने वाले ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता 30 एमएलडी की होगी। इस योजना से रतलाम जिले के 203 गांव लाभान्वित होने जा रहे हैं, इनमें बाजना के 163, सैलाना के 37 तथा रतलाम विकासखंड के तीन गांव शामिल है।
मझोडिया योजना में 39.29 एमएलडी क्षमता का इंटेकवेल निर्मित किया जाएगा। योजना की कुल लागत 324.91 करोड़ है। टेंडर हो चुके हैं, वर्क आर्डर हो चुका है। योजना में 59 टंकियां बनेगी, योजना को 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य है। इस योजना में 1301 किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाई जाएगी।


