3 साल पहले जब्त हुए वाहन में छुपा हुआ था करोड़ों रुपए मूल्य का यह सामान, फरार आरोपियों की धरपकड़ अभियान के दौरान मिली सूचना से पुलिस को मिली बड़ी सफलता, जानिए क्या और कहां का है मामला

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read
|||

जबलपुर,1सितम्बर(खबरबाबा.काम)। एडीजीपी जबलपुर रेंज उमेश जोगा के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जबलपुर रेंज की नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 3 वर्ष पूर्व जब्त वाहनों में छुपा कर रखी हुई लगभग 4 करोड 50 लाख मूल्य की 86 किलोग्राम “हशिश” जप्त की है।

एडीजीपी जबलपुर रेंज उमेश जोगा ने जानकारी देते हुए बताया कि आज से लगभग 3 वर्ष पूर्व 6 – 7 अक्टूबर 2020 की दरमियानी रात खुफिया सूचना के आधार पर राजस्व आसूचना निदेशालय (DRI) की इंदौर और भोपाल की टीम ने नरसिंहपुर राष्ट्रीय राजमार्ग से दो वाहनों में तस्करी कर ले जाई जा रही 117 किलोग्राम “हशिश” जप्त कर तस्करी में लिप्त 07 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उक्त अवैध मादक पदार्थ की कीमत 6 से 7 करोड़ के लगभग थी। उक्त अवैध मादक पदार्थ ” हशिश” को नेपाल बार्डर से तस्करी कर उत्तरप्रदेश के रास्ते चेन्नई की ओर ले जाया जा रहा था। चेन्नई से यह समुद्री रास्ते विदेश में भेजी जाने वाली थी।

इन्हीं वाहनो में छुपी हुई थी और “हशिश”

चुनाव आयोग और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर अति. पुलिस महानिदेशक, जबलपुर जोन उमेश जोगा के निर्देशन में एवं पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर अमित कुमार के मार्गदर्शन में जिले में अवैध कारोबारियों की धरपकड एवं लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश हेतु अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान पुलिस ने पूर्व से फरार एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए उसके साथियों से पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में एक व्यक्ति ने बताया कि जब वह जेल में बंद था तो उसने वहां बंद कुछ अन्य कैदियों की बातें सुनी थी। जिसमें वर्ष 2020 के “हशिश” के प्रकरण के आरोपियों द्वारा उक्त वाहनों में और “हशिश” छुपा कर रखी जाने की सूचना मिली, जो तत्समय जब्त नही हो सकी थी।

जानकारी प्राप्त होते ही एडीजीपी उमेश जोगा के निर्देश पर नरसिंहपुर पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय से अनुमति उपरान्त इस मामले में पूर्व में गिरफ्तार 7 आरोपियों एवं (DRI) के अधिकारियों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी करते हुए मेकेनिकल जांच कराई गई।जिस पर बताया गया कि एक वाहन के पीछे के गेट के अंदर जगह बनाकर एवं वाहन के नीचे के तरफ लोहे की चादर का बाक्स बनाकर “हशिश” छिपा कर रखी गयी थी। वाहन की जांच के दौरान तलाशी लेने पर 62 पैकेट कुल 48.471 किलोग्राम जिसकी कीमत लगभग 2 करोड़ 42 लाख 35 हजार 500 रूपये मूल्य की जब्त की गई। इसी प्रकार एक और वाहन के नीचे बाक्स बनाकर एवं बोनट एवं सामने वाले कॉच के बीच जगह बनाकर “हशिश” छिपा कर रखी गयी थी। वाहन की मैकेनिकल जांच के दौरान 56 पैकेट कुल 37.884 किलोग्राम जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 89 लाख 42 हजार रूपये है, जब्त की गयी है। इस प्रकार कुल 118 पैकेट जिनमें लगभग 86 किलोग्राम “हशिश’, जिसकी कीमत लगभग 4 करोड़ 50 लाख है, जब्त करने में सफलता प्राप्त हुई है।

कार्यवाही में मुख्य भूमिका

एडीजीपी जबलपुर रेंज उमेश जोगा के निर्देशन में हुई उक्त कार्यवाही में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के मार्गदर्शन एवं अति. पुलिस अधीक्षक नागेन्द्र पटेरिया, एसडीओपी नरसिंहपुर, मोनिका शुक्ला के नेतृत्व में थाना प्रभारी स्टेशनगंज, निरीक्षक जितेन्द्र यादव, थाना प्रभारी कोतवाली, गौरव चाटे, उप निरीक्षक प्रकाश पाठक प्रधान आरक्षक नरेन्द्र प्रधान आरक्षक जागेश्वर बघेल, आरक्षक जितेन्द्र ठाकुर, आरक्षक प्रहलाद माघवे, आरक्षक पंकज राजपूत, आरक्षक रोहित चंपुरिया, आरक्षक प्रशांत राजपूत, आरक्षक लक्ष्मी नगपुरे एवं आरक्षक विवेक की सराहनीय भूमिका रही है। पुलिस महानिदेशक सुधीर सक्सेना द्वारा नरसिंहपुर पुलिस द्वारा की गयी उक्त कार्यवाही की प्रशंसा की गयी है।

एडीजीपी उमेश जोगा के निर्देशन में मादक पदार्थों के खिलाफ रिकॉर्ड कार्रवाई

एडीजीपी उमेश जोगा के निर्देशन में जबलपुर रेंज में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। रीवा और जबलपुर एडीजीपी रहते हुए उनके द्वारा नशे के कारोबार के खिलाफ रिकॉर्ड कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *