
रतलाम,16अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। शहर में आज तडक़े फिर तेंदुआ नजर आया। रेलवे कॉलोनी की सडक़ नंबर दस में कल था और आज सुबह साढ़े चार बजे के लगभग रेलवे अस्पताल के पीछे की ओर जाता दिखाई देना सामने आया है। कहा जा रहा है कि वह शिमला कॉलोनी से होते हुए जेवीएल और चला गया है।

रेलवे अस्पताल की ओर तेंदुआ के होने की सूचना पर उज्जैन और इंदौर से आई तेंदुए को पकडऩे वाली टीम रेलवे अस्पताल पहुंची लेकिन तब तक तेंदुआ अस्पताल के पीछे घनी झाडिय़ों से होता हुआ आगे की ओर निकल गया है। खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चला है।

उज्जैन वन वृत्त की रीजनल वाईल्ड लाईफ रेस्कूयू स्कवाड्स रतलाम पहुंच चुकी है। स्कवाड प्रभारी शेरसिंह कटारे टीम के साथ देररात डेढ़ बजे के लगभग रतलाम पहुंचे। रात में ही सडक़ नंबर दस के आसपास घनी हरियाली के बीच तलाश की लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल पाया। रेस्क्यू टीम ढूंढती रही और वह आसपास की घनी झाडिय़ों से होता हुआ सुबह साढ़े चार बजे के लगभग रेलवे अस्पताल की ओर जाता दिखाई देने की सूचना मिली, वैसे ही रेस्क्यू स्कवाड्स मौके पर पहुंची लेकिन यह टीम रेलवे अस्पताल के पीछे झाडिय़ों के नजदीक जाकर ठहर गई। कुछ दूर झाडिय़ों में तलाश करने पर तेंदुए का वह कोई कोई पता नहीं चल पाया। स्कवाड्स प्रभारी कटारे का कहना है कि तेंदुआ की चाल काफी तेज रहती है और अंधेरे-अंधेरे ही वह चलता है। सुबह साढ़े चार बजे देखा जाना बताया है और अब तक तो वह कफी दूर निकल गया होगा। बताते है कि दिन चढऩे के बाद वह दौड़ता नहीं है।
कटारे ने बताया कि उनके स्कवाड्स के पास आसपास के कई जिले है जहां उनकी टीम रेस्क्यू के लिए पहुंचती है। अब तक कई तेंदुओं को पकड़ भी चुके है। यहां कटारे के साथ वन विभाग की पुष्पलता मोरिया, मुरारीलाल धाकड़ सहित अन्य कर्मचारी जाल- लकड़ी सहित अन्य संसाधनों से लैस होकर मौजूद रहे।
दीवार पर दौड़ लगाते कैद
यह तो पूरी तरह साफ हो गया हैं कि रतलाम की रेलवे कॉलोनी में जो वन्य प्राणी दिखाई दिया वह तेंदुआ ही है। कल रेलवे कॉलोनी और गांधीनगर के बीच के नाले में वह बैठा हुआ दिखाई दिया था। लोगों के देखने के बाद वह नाले से ही लपकते हुए घरों के पीछे नाले के पास से होता हुआ झाडिय़ों के बीच दिखाई दिया था। इसके पहले वह रेलवे कॉलोनी में भी अधिकारी के बंगले की दीवार पर दौड़ लगाता भी नजर आया है, उसकी यह हरकत सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। और तेंदुआ के दौड़ लगाने वाला फूटेज भी सोशल मीडिया पर भी दौड़ रहा है जो कल दोपहर का है।



