
रतलाम,15अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। रविवार शाम को शहर के औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत गांधीनगर और रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में उस समय हड़कंप की स्थिति मच गई जब लोगों ने क्षेत्र में तेंदुए को घूमता देखा। तेंदुए के हमले में एक रेलवे कर्मचारी घायल भी हो गया है। जनता द्वारा सूचना देने के 3 घंटे के बाद वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू शुरू किया।
रेलवे कॉलोनी क्षेत्र में रविवार दोपहर रेलवे कॉलोनी गांधीनगर के बीच के नाले में तेंदुआ दिखाई देते ही पूरे इलाके में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार शुरुआत में कुछ युवकों ने इसे घर के पीछे नाले के समीप रिटायर्ड रेलवे कॉलोनी से गांधीनगर की ओर जाते हुए देखा और वीडियो भी बनाए। इसके बाद तेजी से खबर फैली तो लोग इकट्ठा हो गए। तेदुआं का मूवमेंट का कुछ लोगों ने वीडियो और फोटो में भी रिकार्ड किया। क्षेत्र में इतना डर का माहौल हो गया कि परिवारों ने बच्चों को बाहर निकलने से मना करते हुए घरों की खिड़कियां, दरवाजे भी बंद कर लिए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेंदुए के हमले में सतीश उर्फ बंटी नाम का रेलवे कर्मचारी घायल हुआ है। बताया गया कि वह रेलवे अधिकारी के बंगले पर तैनात कर्मचारी उस समय बगीचे में काम कर रहा था कि तभी तेंदुए ने उस पर हमला करके उसे घायल कर दिया। उसकी चीख सुनकर लोग इकट्ठा हुए तो तेंदुआ भाग निकला। घायल कर्मचारी को निजी वाहन से अस्पताल ले जाया गया है जहां उसका इलाज शुरु किया गया है।

सूचना के बाद भी काफी देर से पहुंचा वन विभाग
क्षेत्रवासियों ने वन विभाग को दोपहर 4 बजे सूचना दी जिसपर करीब 5 बजे दो कर्मचारी हाथों में डंडा लेकर पंहुचे। लेकिन तेंदुए द्वारा कर्मचारी को घायल करने और वीडियो देखने के बाद लौट गए। इसके बाद शाम करीब 6.10 बजे डीएफओ और कुछ कर्मचारी पंहुचे लेकिन उनके पास भी तेंदुए को पकड़ने के लिए जरूरी संसाधन नजर नहीं आए। बाद में 6:45 बजे वन विभाग की रेस्क्यू टीम पिंजरा लेकर ओल्ड रेलवे कॉलोनी पहुंची और ऑपरेशन शुरू किया।



