
रतलाम,8अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। पिपलोदा पुलिस ने दुपहिया वाहन पर स्मैक परिवहन कर ले जाते दो युवकों को गिरफ्तार किया है। दोनों युवक इंदौर के रहने वाले हैं।
एसपी राहुल कुमार लोढा द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ के व्यापार एवं परिवहन से जुड़े संदिग्ध लोगों पर कड़ी निगरानी रखकर आसूचना प्राप्त करने और उनकी संलिप्तता पाए जाने पर कड़ी वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतलाम राकेश खाखा एवं अनुविभागीय अधिकारी जावरा शक्ति सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पिपलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह चौहान के नेतृत्व में थाना पिपलौदा की टीम बनाकर अवैध मादक पदार्थ के व्यापार एवं परिवहन में संलिप्त संदिग्ध लोगों की जानकारी प्राप्त करने हेतु मुखबिर तंत्र सक्रिय किए गए।
टीम द्वारा मुखबिर सूचना पर दो आरोपियों को 25 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक कुल कीमती 50 हजार रुपए के साथ गिरफ्तार किया गया। आरोपी स्कूटी पर स्मैक परिवहन कर ले जा रहे थे।
पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम रोहित पिता मनोज 20 वर्ष निवासी इन्दौर और मुनेन्द्रसिंह पिता मानवेन्द्रसिंह 22 साल निवासी इन्दौर बताया।


