रतलाम: सराफा व्यवसायी का 3 मंजिला मकान ढहा, दो अन्य मकान भी आए चपेट में, पड़ोस में चल रहा था मकान निर्माण का कार्य

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,19अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। गुरुवार दोपहर को शहर के चौड़ावास स्थित एक तीन मंजिला मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। पास के दो अन्य मकान भी चपेट में आ गए। घटना में कोई जनहानी नहीं हुई है। मकान के पास खड़े कुछ वाहन जरूर चपेट में आए हैं।

हादसा दोपहर करीब 2.30 बजे हुआ। सराफा व्यवसायी मनोज शर्मा ने मीडिया को बताया कि गुरुवार दोपहर भोजन के पश्चात 85 वर्षीय पिता बाबूलाल शर्मा सो रहे थे। 83 वर्षीय माता मोहनदेवी भी घर के अंदर थीं। अचानक माता जी को ऐसा लगा कि घर के अंदर धूल गिर रही है। उन्होंने पिता जी को जगाया। दोनों घर के बाहर निकले और पास में मकान निर्माण कर रहे मजदूरों को धीरे-धीरे काम करने के लिए कहा। दोनों को घर से निकले बमुश्किल तीन से चार मिनट ही हुए थे की तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया।

सराफा व्यवसायी श्री शर्मा के अनुसार पास में दो मकान भी चपेट में आ गए। मकान ढहने से नीचे खड़े दो पहिया वाहन दब गए और मलबे से मार्ग भी अवरुद्ध हो गया। हादसे के बाद भीड़ जमा हो गई।

पड़ोस में मकान का काम चलने के कारण हुआ हादसा

शर्मा ने बताया पास में ही मामा जी का मकान बन रहा है। उसके लिए नींव खोदने का काम चल रहा था। हादसे के वक्त वे चांदनी चौक स्थित गणेश मार्केट में अपनी शॉप पर थे। परिवार के अन्य सदस्य चौड़ावास क्षेत्र में ही स्थित दूसरे मकान में थे। शर्मा के अनुसार मकान ढहने के साथ ही अंदर रखा सारा सामान भी नष्ट हो गया। ईश्वर का शुक्र है कि समय रहते पिता जी और माता जी मकान से बाहर आ गए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *