रतलाम: सड़क के बीच में  पोल -हादसे के बाद कलेक्टर ने निगम आयुक्त और अधीक्षण यंत्री को थमाया नोटिस, कलेक्टर के एक्शन के बाद तत्काल हटाया गया पोल

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
||

रतलाम,29नवम्बर(खबरबाबा.काम)। शहर के विनोबा नगर में नई बनी सड़क के बीच में विद्युत पोल से टकराकर युवक के घायल होने के मामले में कलेक्टर ने एक्शन लिया है। कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने पोल नहीं हटाने पर नगर निगम आयुक्त और एमपीईबी के अधीक्षक यंत्री को नोटिस थमाया है। कलेक्टर के नोटिस के बाद तत्काल रास्ते से पोल हटाने की कार्रवाई की गई।

औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत विनोबा नगर में रविवार रात 11.30 बजे भीषण सड़क हादसा हुआ था। रहवासियों के मुताबिक क्षेत्र में पिछले डेढ़ साल से सड़क का निर्माण चल रहा था जो कि तीन माह पूर्व पूर्ण हो चुका है। इसके बाद भी बीच सड़क पर लगे विद्युत पोल को हटाने की कोशिश जिम्मेदारों ने नहीं की। रहवासियों ने पूर्व में दुर्घटना का अंदेशा जताते हुए क्षेत्रीय पार्षद से लेकर निगम के जिम्मेदारों को शिकायत कर चुके थे। लापरवाही का नतीजा यह रहा कि रविवार रात करीब 11.30 बजे तेज बारिश में बाइक चालक बन्ने सिंह (30) पिता शिव सिंह निवासी शिवनगर उक्त मार्ग से गुजरा तो वह सड़क के बीच लगे विद्युत पोल से जा टकराया। युवक को मौके से पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से परिजन युवक की हालत गंभीर होने पर प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए। युवक के सिर में गंभीर चोट होने पर उसका ऑपरेशन हुआ और हालत नाजुक बनी हुई है। युवक के सिर के अलावा आंख में गंभीर चोट होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए परिजन सूरत (गुजरात) लेकर गए हैं।

सड़क निर्माण के महीनो बाद भी बीच में लगे पोल के नहीं हटने और उससे हुए हादसे के बाद कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने रतलाम नगर निगम आयुक्त एपीएस गहरवार और विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री एससी वर्मा को नोटिस थमाया है। नोटिस के साथ ही रतलाम शहर की सडकों के बीच में लगे सभी पोल हटाने के लिए सात दिन का समय दिया है। कलेक्टर का नोटिस मिलते ही विभागों की नींद उड़ी और कल सड़क के बिच लगे पोल को हटाया गया।

कलेक्टर ने तो जिम्मेदार विभागों को नोटिस दे दिया लेकिन पुलिस ने अब तक दुर्घटना के जिम्मेदारों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *