रतलाम: अचानक नगर निगम पहुंचे कलेक्टर भास्कर लक्षकार, निर्माण कार्य से लेकर सफाई व्यवस्था तक की समीक्षा की, लापरवाही पर अधिकारी को थमाया नोटिस

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
||

रतलाम,6नवम्बर(खबरबाबा.काम)। कलेक्टर भास्कर लक्षकार आज अचानक नगर निगम पहुंचे। कलेक्टर ने यहां निर्माण कार्य से लेकर सफाई व्यवस्था तक की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर भास्कर लक्षकार सोमवार दोपहर करीब 12:00 बजे अचानक नगर निगम पहुंचे। आयुक्त कार्यालय में कलेक्टर ने कमिश्नर सहित अन्य अधिकारियों की बैठक लेते हुए कार्यप्रणाली एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मेजरमेंट बुक में मिली लापरवाही

कलेक्टर भास्कर लक्षकार ने नगर निगम में निर्माण कार्यों के लिए अपनाई जाने वाली पूरी प्रक्रिया और वर्तमान में चल रहे कार्यों की समीक्षा की। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार निर्माण कार्य के लिए जो मेजरमेंट बुक जारी की जाती है वह सही नहीं पाई गई। समीक्षा में पाया गया कि कई कार्यो में मेजरमेंट बुक एडवांस में ले ली गई और कार्य काफी लेट शुरू हुए। प्रक्रिया का ठीक से पालन नहीं हुआ। इस मामले में कलेक्टर ने पीडब्ल्यूडी के ईई को नोटिस जारी किया है। एक सब इंजीनियर को भी नोटिस जारी करने के निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

वित्तीय प्रबंधन की समीक्षा की

नगर निगम के दौरे के दौरान कलेक्टर भास्कर लक्षकार ने नगर निगम के वित्तीय प्रबंधन की भी समीक्षा की। श्री लक्षकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए की अभी तक कितना खर्च किया गया है और कितनी राशि की आवश्यकता है उसका आकलन किया जाए। जो बजट बनाया गया है, उसका रिव्यू करें।

सफाई व्यवस्था की समीक्षा की

अधिकारियों की बैठक के दौरान कलेक्टर श्री लक्षकार ने कहा कि नगरीय निकाय में सफाई व्यवस्था , जलप्रदाय व्यवस्था एवं स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सबसे महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक वार्ड में घरों की संख्या के आधार पर सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने डोर-टू-डोर सफाई व्यवस्था की भी समीक्षा की और कचरा संग्रहण वाहनों के फिजिकल वेरिफिकेशन के निर्देश दिए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *