
रतलाम,21नवम्बर(खबरबाबा.काम)। देर रात को पुलिस ने एक मकान पर दबिश दी। इक्कीस लोग पुलिस के शिकंजे में आए है। ये सभी मकान पर जमा होकर जुआ खेल रहे थे। इकतालीस हजार के लगभग नगदी के अलावा ताशपत्ते जब्त किए है। इससे पहले शाम को भी पुलिस ने फूलमंडी से तीन लोगों को जुआ खेलते धरा था।

मामला अशोकनगर का है। माणकचौक थाना पुलिस को अशोकनगर के एक मकान पर जुआ चलने की सूचना मिल रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तहकीकात करवाई तो सूचना पुख्ता हो गई। पुलिस कप्तान राहुल कुमार लोढ़ा के निर्देशन और एएसपी और सीएसपी के मार्गदर्शन में थाना पुलिस ने तुरंत ही एक टीम बनाई। आधी रात को पुलिस टीम अशोकनगर में पहुंची। और उस मकान पर दबिश दी जहां पुलिस को जुआघर चलने की पुख्ता खबर थी। पुलिस की एक टीम ने मकान को घेर लिया ताकि कोई भी भागने नहीं पाए और दूसरी टीम के सदस्य मकान के अंदर पहुंचे तो देखकर दंग रह गए। दर्जनभर से ज्यादा लोग मकान के कमरे में जमा होकर ताशपत्तों पर जुआ खेल रहे थे। पुलिस को देख जुआरी घबराये और इधर-उधर होने की कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। इक्कीस लोगों को पकड़ा।पुलिस की मानें तो मौके से इकतालीस हजार रुपए और ताशपत्ते बरामद हुए हैं।
माणकचौक पुलिस ने शैरानीपुरा रहवासी आदिल नामक युवक सहित बीस अन्य के खिलाफ 3/4 पब्लिक गेम्बलिंग एक्ट के तहत अपराध कायम किया है।
इसी थाना पुलिस ने कल तीन अन्य लोगों को पकड़ा था। ये सभी फूलमंडी में शाम को ताशपत्तों से जुआ खेल रहे थे। इनके पास से तीन हजार चार सौ रुपए सहित ताशपत्ते जब्त किए थे। पुलिस ने इस मामले में अशोकनगर रहवासी दाऊद और दो अन्य के खिलाफ सार्वजनिक जुआ एक्ट में अपराध कायम किया।
इसके अलावा जिले की ताल पुलिस ने भी दो युवकों को जुआ खेलते पकड़ा है। पुलिस के मुताबिक पकड़ाए युवक एरवास गांव में ओटले पर बैठकर सार्वजनिक रूप से ताशपत्तों का जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने लालु और कमल के खिलाफ जुआ एक्ट में अपराध कायम किया।



