रतलाम: नरेंद्र मोदी ने रतलाम से किया प्रदेश में अपनी चुनावी सभाओं का आगाज़, सभा में उपस्थित लोगों से कहा-रतलाम के घर-घर तक मेरा प्रणाम पहुंचा देना

indresh98kumar@gmail.com
7 Min Read
|

रतलाम,4नवम्बर(खबरबाबा.काम)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को रतलाम से प्रदेश में अपनी चुनावी सभाओं का आगाज किया।4 बजे के लगभग रतलाम के बजंली में आयोजित सभा स्थल पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जहां कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधा, वहीं भाजपा सरकार की उपलब्धियां को भी बताया।

संबोधन की शुरुआत में खाटू शाम, नागेश्वर पार्श्वनाथ को किया प्रणाम

मंच पर पहुंचने के बाद अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने रतलाम में कहा कि मैं खाटू शाम को प्रणाम करता हूं, मैं नागेश्वर पार्श्वनाथ भगवान को प्रणाम करता हूं। रतलाम आए और सेव नहीं खाया, तो उसे रतलाम आया माना नहीं जाता हैं। 3 दिसंबर को जब भाजपा पुनः सरकार बनाएगी तब लड्डू के साथ रतलामी सेव भी खाएंगे।

हेलीपेड़ से सभा स्थल तक हुई फूलों की बारिश

इसके पहले प्रधानमंत्री को लेने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान खुद बंजली हवाई पट्टी पर पंहुचे। हेलीपैड से सभा स्थल तक रास्ते में प्रधानमंत्री के काफिले का स्वागत फूलों की बारिश कर होता रहा।

कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के दो नेताओं का नाम लिए बिना उन पर तंज कसा। उन्होंने रतलाम की सभा में कहा कि कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने की कम्पीटिशन चल रही है। अभी तो यह फिल्म का ट्रेलर है। तीन दिसंबर को भाजपा की जीत के बाद यहां कांग्रेस की असली पिक्चर दिखेगी। कांग्रेस की असली सिर फुटव्वल होगी। अभी तो प्रैक्टिस चल रही है।

उन्होंने कहा कि विकास का रोडमैप क्या होगा, यह कांग्रेस को पता नहीं है। इतनी दूर की कांग्रेस सोच ही नहीं सकती। कांग्रेस के नेता फिल्मी हैं। कांग्रेसियों के डायलॉग भी फिल्मी है। कांग्रेस की घोषणाएं भी फिल्मी हैं। किरदार फिल्मी है तो सीन भी फिल्मी ही होगा। उन्हें अवसर देना बहुत बड़ा संकट होता है।

कांग्रेस की कर्जमाफी का फायदा किसानों को नहीं मिलता: मोदी

मोदी ने आरोप लगाया कि देश में कोई ऐसा नहीं है, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं है। कांग्रेस हर चुनाव में कर्जमाफी का झुनझुना लेकर आती है। कांग्रेस की कर्जमाफी का फायदा किसानों को नहीं, कांग्रेसियों के चेले-चपाटियों को होता है। भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है। हम किसानों के छोटे-बड़े खर्चों की चिंता कर रहे हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत देशभर के किसानों को पैसा दे रहे हैं।

वंशवाद को बढ़ावा देने का आरोप

मोदी ने कहा कि यहां के कांग्रेस के शीर्ष नेता आपस में क्यों लड़ रहे हैं? यह लड़ाई सीएम की कुर्सी के लिए नहीं है। उन्हें पता है यहां उनकी दाल नहीं गलने वाली है। वह लोग तो अपने-अपने बेटों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई इस बात की है कि किसका बेटा मध्य प्रदेश कांग्रेस पर कब्जा करेगा। कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है। मध्य प्रदेश का परचम लहराना कांग्रेस के बस की बात नहीं है। भाजपा ही आपको आगे लेकर जाएगी। आपका सपना पूरा करना ही मोदी का संकल्प है।

रतलामी सेव नहीं खाई तो यहां आया नहीं मानते

मोदी ने रतलामी सेव का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि रतलाम आए और रतलामी सेव नहीं खाई तो उसे रतलाम आया, माना नहीं जाता है। सही बात है न? यही सच्चाई है। जब तीन दिसंबर को भाजपा सरकार की वापसी का जश्न मनेगा, तब लड्डू के साथ रतलामी सेव भी खूब खाई जाएगी। एक जिला एक उत्पाद के तहत यहां सेव को चुना गया है। नमकीन क्लस्टर बनाया गया है।

दिल्ली वालों का हिसाब-किताब बदल जाएगा

मोदी ने दिल्ली में सर्वे कर जीत-हार की भविष्यवाणी करने वालों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग दिल्ली में बैठकर गुणा-भाग करते रहते हैं, आज उनका हिसाब-किताब बदल जाएगा। अब चर्चा यह नहीं होगी कि कौन जीतेगा? चर्चा यह होगी भाजपा दो-तिहाई बहुमत लेगी या उससे कम रहेगी।

पांच साल और मिलेगा गरीबों को मुफ्त राशन

मोदी ने कहा कि 80 करोड़ गरीबों को मुफ्त राशन देने वाली योजना दिसंबर में खत्म हो रही है। मोदी का निश्चय है कि आने वाले पांच साल के लिए इसे बढ़ाया जाएगा। 80 करोड़ देशवासियों का चूल्हा जलता रहे, यह मोदी की गारंटी है। गरीबों को मुफ्त राशन मिलता रहेगा। जो पैसे बचेंगे, गरीब जीवन की अन्य आवश्यकताओं पर खर्च कर सकेगा। मोदी जब गारंटी देता है तो उसे पूरी करने की गारंटी भी साथ देता है।

मामा को भी याद किया मोदी ने

मोदी ने कहा कि लोग कहते हैं कि एमपी के मन में मोदी है और मोदी के मन में एमपी है। बहनों की बात होती तो मामा (शिवराज) याद आ ही जाता है। मध्य प्रदेश में हजारों महिलाएं लखपति बनी हैं। उनके नाम पर पहली बार कोई संपत्ति हुई है। शहरों में रहने वाले मध्यम वर्ग के लोगों का अपने घऱ का सपना पूरा हो, इसके लिए गंभीरता से काम कर रही है। मोदी पहला प्रधानमंत्री है, जिसने शहरी मध्यम वर्ग के लिए घरों की योजना बनाई है।

घर-घर जाकर मेरा प्रणाम कहना

मोदी ने अनूठे अंदाज में जनसंपर्क अभियान भी शुरू कर दिया। उन्होंने सभा में आए लोगों से आग्रह किया कि सरकार तो बन ही जाएगी। शत-प्रतिशत बूथों पर कमल खिलना चाहिए। मेरा एक काम और करना होगा। यह चुनावी काम नहीं है। यह काम मेरे लिए करने को कह रहा हूं। यहां से घर-घर जाइए। घर जाकर कहिए कि मोदी जी रतलाम आए थे। उन्होंने आपको प्रणाम कहा है। हर परिवार को मेरा प्रणाम पहुंचेगा तो बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। उनका आशीर्वाद मिलता है तो मेरे काम करने की ताकत अनेक गुना बढ़ जाती है।

मुख्यमंत्री ने भी किया संबोधित

प्रधानमंत्री के मंच पर आने के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सभा को संबोधित किया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *