
रतलाम,3 दिसंबर (खबरबाबा.काम)। विधानसभा चुनाव के नतीजे रविवार को आ गए हैं। जिले की 5 विधानसभा सीटों में से चार पर भाजपा ने अपनी शानदार जीत दर्ज कराई है। सैलाना सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार कमलेश्वर डोडियार ने विजय हासिल की है। जिले में कांग्रेस का एक भी प्रत्याशी जीत हासिल नहीं कर पाया है।

प्रदेश में जहां भाजपा एक बार फिर सरकार बनाने की और अग्रसर है, वहीं जिले में भी भाजपा पहले से मजबूत स्थिति में आ गई है। 2018 के चुनाव में जहां रतलाम शहर, ग्रामीण और जावरा में भाजपा विधायक जीते थे , वहीं इस बार आलोट विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि मालवीय ने जिले में सबसे अधिक मतों से जीतने का रिकॉर्ड बनाते हुए जीत दर्ज की है। रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण और जावरा विधानसभा से भी भाजपा प्रत्याशियों ने अच्छे मतों से विजय श्री हासिल की है।
रतलाम शहर: भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप जीते
रतलाम शहर से भाजपा प्रत्याशी चेतन्य काश्यप ने 60,708 मतो से जीत हासिल की है। उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा को हराया है। शिकायत सबको जहां 109656 मत प्राप्त हुए, वही उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी पारस सकलेचा को 48948 मत प्राप्त हुए।
रतलाम ग्रामीण से भाजपा के मथुरालाल डामर जीते
रतलाम ग्रामीण विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी मथुरालाल डामर ने 34,324 मतों से विजय प्राप्त की है। श्री डामर को 1 लाख 2968 मत प्राप्त हुए। उनके प्रतिनिधि कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण डिंडोर को 68,644 मत मिले।
जावरा से भाजपा के डॉ. राजेंद्र पांडे जीते
जिले की सबसे चर्चित सीट मानी जा रही जावरा विधानसभा से भाजपा के डॉ. राजेंद्र पांडे ने रिकॉर्ड जीत हासिल की है। यहां भाजपा और कांग्रेस के अलावा निर्दलीय प्रत्याशी करणी सेवा परिवार के जीवन सिंह शेरपुर में त्रिकोणीय मुकाबला बना दिया था। इस सीट पर सभी की निगाहें बनी हुई थी। डॉ राजेन्द्र पांडे ने 26021 मतो से रिकॉर्ड जीत हासिल की है। उन्हें 92,019 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस के वीरेंद्र सिंह सोलंकी को 65,998 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय जीवन सिंह शेरपुर को 40,766 मत मिले।
आलोट से भाजपा के चिंतामणि मालवीय जीते
आलोट से भाजपा प्रत्याशी चिंतामणि मालवीय ने जिले में सबसे अधिक मतों से जीत हासिल की है। डॉ. चिंतामणि 68,884 मतों से जीते। उन्हें 1,06,762मत मिले। आलोट से कांग्रेस से बागी होकर मैदान में आए निर्दलीय प्रत्याशी प्रेमचंद गुड्डू दूसरे नंबर पर रहे। गुड्डू को 37,578 वोट प्राप्त हुए। यहां कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। कांग्रेस प्रत्याशी मनोज चावला को 33565 मत मिले।
सैलाना के परिणामों ने चोकाया, निर्दलीय उम्मीदवार की जीत
जिले में सबसे चौंकाने वाला परिणाम सैलाना विधानसभा का रहा। जहां निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में खड़े भारत आदिवासी पार्टी के उम्मीदवार कमलेश्वर डोडियार ने कांग्रेस के मजबूत प्रत्याशी हर्ष विजय गहलोत को हरा दिया। कमलेश्वर 5,618 मतों से जीते। उन्हें कुल 72,219 मत प्राप्त हुए। कांग्रेस के हर्ष विजय गहलोत को 66,601 मत प्राप्त हुए। यहां भाजपा तीसरे नंबर पर रही। भाजपा प्रत्याशी श्रीमती संगीता चारेल को 41,584 मत प्राप्त हुए।
जिले में 5 में से चार विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने के बाद भाजपा में जश्न का माहौल है।


