रतलाम: हेलमेट, सीट बेल्ट के बाद अब हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट, आज से सड़क पर उतरी यातायात पुलिस, 15 दिसंबर तक का समय…

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
||

रतलाम,9दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। हेलमेट और सीट बेल्ट के लिए चल रहे यातायात पुलिस के अभियान के बाद अब हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट को लेकर भी कार्रवाई शुरू होने वाली है। शनिवार से शहर में ट्रैफिक अमले ने सड़क पर उतरकर आम जनता को जागरूक करना शुरू कर दिया है।

दुपहिया वाहन स्वरों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन सवारो के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। शहर में पिछले कई दिनों से इसको लेकर अभियान चलाया जा रहा है। हेलमेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। शनिवार को भी दो बत्ती क्षेत्र में ट्रैफिक डीएसपी अनिल राय के नेतृत्व में यातायात पुलिस ने इस संबंध में कार्रवाई की।

15 तक लगवानी होगी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट

इधर दो पहिया और चार पहिया वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाना भी अनिवार्य कर दिया गया है।

सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश के पालन में परिवहन विभाग द्वारा अप्रैल 2019 के पूर्व पंजीकृत समस्त दो पहिया तथा चार पहिया वाहनों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट आगामी 15 दिसंबर से पूर्व लगवाया जाना अनिवार्य कर दिया गया है। यदि निर्धारित समय के पश्चात हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के बगैर कोई भी वाहन सड़क पर संचालित होना पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की जाएगी।
जिला परिवहन अधिकारी दीपक माझी ने बताया कि दो पहिया वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए लगभग 500 रुपए एवं चार पहिया वाहनों के लिए 800 से 1000 रुपए अनुमानित फीस चुकाना होगी। नई हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाने के लिए वाहन कंपनी के शोरूम में जाकर अथवा ऑनलाइन www.bookmyhsrp.com पर आवेदन किया जा सकता है। शोरूम पर भी फीस ऑनलाइन जमा करनी होगी तथा जमा फीस की रसीद वाहन स्वामियों को अनिवार्य रूप से देनी होगी।

शनिवार को यातायात पुलिस द्वारा हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए भी आम जनता को जागरुक कर निर्धारित समय के पूर्व नंबर प्लेट बदलवाने के लिए कहा गया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *