रतलाम: हाइटेंशन लाइन, मानकों का नहीं पालन- रिहायशी इलाके में छत से गुजर रहे हाईटेंशन के तार,- हमेशा हादसा होने का खतरा बना रहता

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,23दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। मध्यप्रदेश मध्यक्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रदेश मुख्यालय ने कंपनी के अंतर्गत आने वाले सभी जिलों की बिजली वितरण कंपनियों को हाईटेंशन लाइन के लिए तय किए गए मानकों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। लेकिन जिले में इन मानकों का पालन नहीं हो रहा है। शहर भर में कहीं भी हाईटेंशन लाइन के नीचे गार्डनिंग नहीं की गई है, जिससे तार टूटकर सीधे सड़क पर गिरते हैं।

शहर में बिछाई गई हाईटेंशन लाइन में साइड क्लीयरेंस और भवनों की छतों से हाईटेंशन की निर्धारित मानक दूरी का भी ख्याल नहीं रखा गया है, जिससे हादसे हो सकते हैं। उल्लेखनीय है कि हाईटेंशन लाइन के तार टूटने की घटनाएं आए दिन होती हैं। शहर में करीब एक दर्जन स्थान ऐसे हैं जहां हाईटेंशन लाइनों को घरों की छतों के ऊपर से गुजारा गया है। वहीं शहर की कई संकरी गलियों में हाईटेंशन लाइन के नए खंबे घरों से बिल्कुल चिपकाकर निकाले गए हैं।

निर्देश में हैं निर्धारित मानक

बिजली वितरण कंपनी द्वारा बस्तियों में से हाईटेंशन लाइन निकालते वक्त इंजीनियरों को कुछ निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। इनके तहत भवन से हाईटेंशन लाइन के खंबों की दूरी और भवन की छत से बिजली लाइनों की दूरी निर्धारित की गई है।

भवनों से दूर नहीं हैं ज्यादातर खंबे

बिजली वितरण कंपनी ने जो गाइड लाइन तय की है उसके तहत किसी भी मकान से हाईटेंशन लाइन के खंबे को कम से कम 1.20 मीटर दूर लगाने का प्रावधान है। लेकिन शहर के अधिक स्थानों सहित बस्तियों में इस बात का ख्याल नहीं रखा गया है।

छत से भी निर्धारित दूरी पर नहीं हैं तार

भारतीय विद्युत अधिनियम की कुछ धाराएं बिजली कंपनी को यह अधिकार प्रदान करती है कि कंपनी आवश्यकता पड़ने पर रिहायशी बस्ती के मकानों के ऊपर से भी बिजली की लाइन निकाल सकती है। लेकिन ऐसा करते वक्त कंपनी को छत से हाईटेंशन लाइन को कम से कम 2.50 मीटर ऊंचा रखना होता है। लेकिन शहर सहित अंचल के क्षेत्रों में हाईटेंशन की दूरी छतों से बहुत कम है।

यह भी हैं विसंगतियां

– मानकों के अनुरूप रिहायशी बस्तियों से गुजरी हाईटेंशन लाइन के नीचे पतले तारों का जाल (गार्डनिंग) होनी चाहिए जो तार टूटने पर उसे ऊपर ही रोक ले। ऐसा शहर सहित अंचल में नहीं हो रहा।

– बिजली के खंबे सड़कों के बीच में न लगाए जाने का भी प्रावधान है। लेकिन हाल ही में शहर में डाली गई एचटी लाइन के खंबे ज्यादातर जगहों पर सड़कों के बीच में हैं।

– सड़क से हाईटेंशन लाइन के खंबे की ऊंचाई 13 मीटर के करीब हो। लेकिन शहर में कई जगहों पर यह ऊंचाई आठ से दस मीटर है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *