
रतलाम,15दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश के बाद रतलाम पुलिस भी आदतन अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में जुट गई है। ऐसे लोगों की जमानत निरस्त करवाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। रतलाम जिले में पहली सूची में 135 लोगों को चिन्हित किया गया है। यह संख्या आगे और बढ़ सकती है।
उल्लेखनीय है कि शपथ लेने के तत्काल बाद प्रदेश के नए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कानून व्यवस्था को लेकर निर्देश जारी किए थे। मुख्यमंत्री ने ऐसे आदतन अपराधी जो जमानत पर बाहर घूम रहे है उनकी जमानत निरस्त करवाने की कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था।

रतलाम में पहली सूची में 135 लोग चिन्हित
रतलाम एसपी राहुल लोढा ने बताया कि सीएम के निर्देश के बाद रतलाम पुलिस ने ऐसे आदतन अपराधियों को सूचीबद्ध करना शुरू कर दिया है। जिले के सभी थानों से अभी कुल 135 के लगभग लोगों को चिन्हित किया गया है। इनमें वे लोग हैं जिन्होंने पूर्व में ऐसे अपराध घटित किए हैं जिनमें 7 साल तक या उससे अधिक की सजा है और इन मामलों में जमानत के बाद उन्होंने फिर से अपराध घटित किए हैं। ऐसे सभी लोगों की जमात निरस्त करवाने की कार्रवाई रतलाम पुलिस द्वारा की जा रही है। एसपी राहुल लोढा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र थाना जावरा में सबसे अधिक 29 अपराधियों को चिन्हित किया गया है। इसी तरह स्टेशन रोड थाने पर 20, औद्योगिक क्षेत्र रतलाम में 11, जावरा शहर थाने में 15 और माणकचौक थाने में 2 अपराधी चिन्हित किए गए हैं।
एसपी राहुल लोढा ने बताया कि सभी चिन्हित अपराधियों की जमानत निरस्त के लिए धारा 437, 438 में न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किए जाएंगे। एसपी श्री लोढ़ा द्वारा सभी थाना प्रभारी को तत्काल प्रभाव से प्रकरण प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए गए हैं। एसपी के अनुसार आदतन अपराधियों को चिन्हित करने की कार्रवाई जारी है और आगे यह संख्या और भी बढ़ सकती है।



