रतलाम पुलिस का खुलासा-बेटे की हत्या करने गए थे, खाट पर सो रही मां को मारकर जला दिया, अवैध कब्जा हटवाने की रंजिश में दिया वारदात को अंजाम, चार गिरफ्तार

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
||

रतलाम,23दिसम्बर(खबरबाबा.काम)। जिले के नामली थाना अंतर्गत ग्राम रघुनाथगढ़ में 66 वर्षीय महिला की जली लाश मिलने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस के अनुसार अवैध कब्जा हटवाने की रंजिश में गांव के ही एक युवक ने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी मृत महिला के बेटे की हत्या करने गए थे लेकिन उन्होंने धारदार हथियार से मां की हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को जला दिया।

शनिवार दोपहर को पुलिस कंट्रोल रूम पर एसपी राहुल लोढा ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार 21 दिसंबर को ग्राम रघुनाथगढ़ निवासी मंगूबाई पति भागीरथ 66 वर्ष का शव जली हुई अवस्था में मिला था। महिला के बेटे मुकेश की सूचना पर पुलिस ने मार्ग कायम कर मामले को जांच में लिया था। एसपी राहुल लोढ़ा ने एएसपी राकेश खाखा एवं ग्रामीण एसडीओपी अभिलाष भलावी के साथ मौके का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए थे।

ऐसे हुआ खुलासा

एसपी राहुल लोढा के निर्देश पर मामले को सुलझाने के लिए टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान ग्रामीणों के बयान लेकर आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए गए। सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध कार जाते दिखाई दी। इसके बाद भौतिक साक्ष्य एकत्रित किए गए और कार की लोकेशन ट्रेस करते हुए आरोपी कन्हैया लाल पिता लालू 22 वर्ष निवासी रघुनाथगढ़ थाना नामली, मनीष पिता गोपाल 25 वर्ष निवासी धार, सत्यनारायण पिता समरथलाल 24 वर्ष निवासी धार और गोकुल पिता लाल सिंह 19 वर्ष निवासी धार को गिरफ्तार किया गया। एक और आरोपी मांगीलाल पिता बाबूलाल निवासी धार फरार है।

क्यों दिया हत्याकांड को अंजाम

एसपी राहुल लोढा ने बताया कि मृतिका के बेटे मुकेश ने आरोपी कन्हैया लाल की शासकीय जमीन पर अवैध कब्जा कर लगाई गई गुमटी की शिकायत कर उसे हटवाया था। इसके बाद से ही कन्हैयालाल मुकेश से रंजीश रखता था। उसने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर मुकेश की हत्या की साजिश बनाई और घटना वाले दिन मुकेश को मारने के इरादे से उसके घर पहुंचे।

एसपी के अनुसार घटना के दिन मुकेश को किसी पार्टी में जाना था जिसके लिए वह घर से निकल गया था। इधर मुकेश की मां खाट पर पूरा चद्दर ओढ़ कर सोई हुई थी। आरोपियों ने मुकेश समझकर महिला के गले और पेट पर धारदार हथियार से वार कर उसे मार दिया। जब उन्हे पता चला कि यह मुकेश नहीं उसकी मां है तो उन्होंने साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से पेट्रोल डालकर महिला के शव को जला दिया।

एसपी राहुल लोढा ने बताया कि घटना की जघन्यता को देखते हुए इस मामले को पुलिस ने चिन्हित अपराध में दर्ज किया है। पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है ,जबकि एक आरोपी फिलहाल फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।

ढोढर में जेठ ने महिला को जलाया

शनिवार को पुलिस ने नामली में महिला को जलाने के मामले का खुलासा किया ही था कि जिले में महिला को जलाकर मारने की एक और वारदात सामने आ गई।

पुलिस के अनुसार ढोढर में निर्मला पति प्रकाश को जला दिया गया। घटना शनिवार सुबह की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला का पति पूर्व में आत्महत्या कर चुका है। जेठ को महिला पर शंका थी, जिसके बाद आज उसने महिला पर राड से हमला किया और फिर उसे जला दिया। पुलिस ने आरोपी जेठ को हिरासत में ले लिया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *