रतलाम,9जनवरी(खबरबाबा.काम)। मंगलवार को रतलाम रेल मंडल में मुंबई विजिलेंस टीम एक कार्रवाई का अंजाम दिया है। रेलवे में फैमेली पेंशन के नाम पर 10 हज़ार रुपए की रिश्वत लेते एक क्लर्क को विजिलेंस ने ट्रेस किया है। एकाएक हुई इस कार्रवाई से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। मामले में विजिलेंस द्वारा तैयार की जा रही रिपोर्ट के आधार पर क्लर्क पर विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।
रेल सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रिश्वतखोरी का यह मामला फैमेली पेंशन के लिए रेलवे रिकार्ड में नाम जुड़वाने को लेकर रहा। एक दिवंगत रेलकर्मी के बेटे ने इसकी विजिलेंस में लिखित में शिकायत की थी कि फैमेली पेंशन में उसका नाम जुड़वाने के लिए डिलिंग क्लर्क द्वारा उससे रिश्वत की मांग की जा रही है। इसके बाद विजिलेंस इंस्पेक्टर, आरपीएफ जवान सहित पांच सदस्यीय टीम द्वारा पहचान के लिए तय नंबर के नोट देकर क्लर्क को पकड़ने का जाल बिछाया गया।
मंगलवार सुबह करीब 11.30 बजे सेटेलमेंट सेक्शन में कार्यरत क्लर्क रेलकर्मी के बेटे से रिश्वत के रुपए लेने आया तो फरियादी ने उन्हे निर्धारित नंबरों के नोट (10 हजार रुपए) दिए।तभी विजिलेंस टीम ने वहां पहुंचकर क्लर्क को पकड़ लिया।
मामले में पीआरओ खेमराज मीणा से जानकारी लेनी चाही तो उन्होंने कहा कि विजिलेंस की कार्रवाई गोपनीय रहती है। उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।