रतलाम: भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने स्वागत रैली के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचकर संभाला पदभार

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
|

रतलाम, 28 जनवरी(खबरबाबा.काम)। भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने रविवार को पैलेस रोड स्थित पार्टी कार्यालय में स्वागत रैली के साथ पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। उन्होंने प्रारंभ में पार्टी के पितृ पुरूषों डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं दीनदयाल उपाध्याय तथा भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण किया। इसके बाद पूजा-अर्चना कर कार्यभार संभाला। इस दौरान सूक्ष्य, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी, विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय, मथुरालाल डामर, महापौर प्रहलाद पटेल, आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा, निवृत्तमान अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा एवं पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित उपस्थित रहे।

जिलाध्यक्ष के पदभार ग्रहण करने के बाद पैलेस रोड पर स्वागत सभा हुई। इसमें नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्री उपाध्याय ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो दायित्व दिया है, उसका वरिष्ठों के मार्गदर्शन पूरी शिद्दत से निर्वहन करेंगे। वे जिले के संगठन को श्रेष्ठ संगठन बनाने का प्रयास करेंगे। वे सबको साथ लेकर चलेंगे और प्रत्येक कार्यकर्ता को सम्मान दिया जाएगा। आगामी आम चुनाव में जिले की तीनों लोकसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेंगी।

सूक्ष्य, लघु, मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने इस मौके पर कहा कि भाजपा का नेतृत्व विकास के लिए प्रतिबद्ध है। नवनियुक्त जिलाध्यक्ष श्री उपाध्याय कार्यकर्ताओं की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे। उनकी नियुक्ति से पार्टी मजबूत होगी। पूर्व गृह मंत्री हिम्मत कोठारी ने कहा कि बदलाव प्रकृति का नियम है, इसे स्वीकार कर लेना चाहिए। नए जिलाध्यक्ष वर्षों पुराने कार्यकर्ता है। इनके साथ मिलकर हम सब जिले की सारी अपेक्षाओं को पूरा करेंगे। विधायक डॉ राजेन्द्र पांडेय ने कहा कि भाजपा में सक्रियता और समर्पण को सम्मान मिलता है। नए जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में सभी पार्टी और देश को मजबूत करेंगे।

विधायक मथुरालाल डामर ने कहा कि जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र सहित पूरे जिले का विकास करने का संकल्प व्यक्त किया। महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि नए जिलाध्यक्ष सबको साथ लेकर चलेंगे। उनके नेतृत्व में पार्टी को मजबूत करेंगे। आरडीए अध्यक्ष अशोक पोरवाल ने कहा कि श्री उपाध्याय के नेतृत्व में संगठन सक्रियता से कार्य करेगा और मजबूत होगा।

आरंभ में निवृत्तमान जिलाध्यक्ष राजेन्द्र सिंह लुनेरा ने उनके कार्यकाल में मिले सहयोग के लिए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। उन्होंने विश्वास जताया कि श्री उपाध्याय के नेतृत्व में तीनो लोकसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी। सभा को पूर्व जिलाध्यक्ष बजरंग पुरोहित और निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा ने भी संबोधित किया। संचालन जिला महामंत्री निर्मल कटारिया ने किया। आभार मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी ने माना।

रैली का जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत

श्री उपाध्याय के जिलाध्यक्ष बनने के बाद प्रथम नगर आगमन पर श्री कालिका माता मंदिर पहुंचकर माता का आशीर्वाद लिया। इसके बाद महू रोड फव्वारा चौक से स्वागत रैली निकाली गई। इसमें नवनियुक्त जिलाध्यक्ष खुली जीप में वरिष्ठ नेताओं के साथ सवार होकर सबका अभिवादन करते निकले। मार्ग में जगह-जगह पार्टी पदाधिकारियों, मोर्चा, प्रकोष्ठ और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने स्वागत मंच लगाकर भव्य स्वागत किया। स्वागत रैली फव्वारा चौंक से दिलबहार चौराहा, दो बत्ती, न्यु रोड़, लोकेन्द्र टॉकिज, शहर सराय, धानमंडी, गणेश देवरी, बजाज खाना, तोपखाना, चांदनी चौक, माणक चौक, डालु मोदी बाजार होते हुए भाजपा जिला कार्यालय पैलेस रोड़ पहुंची। रैली मे भाजपा के प्रदेश, जिला, मंडल , मोर्चा और प्रकोष्ठ पदाधिकारीयों के साथ बडी संख्या मे कार्यकर्ता शामिल हुए।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *