रतलाम: आखिर यह हुआ कैसे….? थाने आया, पुलिस की जीप ली और स्टेशन रोड पहुंचकर व्यापारी को वसूली के लिए लगा धमकाने, व्यापारी की शिकायत पर प्रकरण दर्ज, जानिए क्या है मामला

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|||

रतलाम,16जनवरी(खबरबाबा.काम)। कानून व्यवस्था और जान-माल की सुरक्षा की जिम्मेदारी रखने वाली पुलिस की नाक के नीचे से ही यदि कोई व्यक्ति पुलिस का वाहन ले जाए तो इसे आप क्या कहेंगे? कुछ ऐसा ही मामला रतलाम में हुआ है। यहां एक व्यक्ति अपने साथी के साथ मिलकर पुलिस वाहन को ले गया और व्यापारी को वसूली के लिए धमकाया। इस मामले में व्यापारी की शिकायत पर स्टेशन रोड थाना पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी हरीश पिता नानकराम चौथयानी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है। फरियादी के अनुसार उसकी स्टेशन रोड पर होटल है। 14- 15 जनवरी की रात करीब 1:00 बजे फरियादी अपनी होटल के काउंटर पर बैठा था, तभी स्टेशन रोड थाना पुलिस का मोबाइल वाहन सायरन बजाते हुए स्टेशन तरफ गया। पुलिस वाहन वापस पलट कर फरियादी की होटल के सामने आकर रुका। फरियादी के अनुसार पुलिस वाहन चला रहे चालक ने सायरन बजाकर उसे वाहन के पास बुलाया और बोला कि तुम लोगों ने दुकान अभी तक क्यों खोल रखी है। चालक ने फरियादी से शराब पीने के लिए रुपए भी मांगे। फरियादी ने जब चालक से सवाल किया तो उसने कालर पकड़कर चाटा मारा। फरियादी के अनुसार चालक ने वाहन के पास की सीट पर बैठे व्यक्ति की ओर इशारा कर बोला कि साहब साथ में बैठे हैं और शराब पीने के लिए रुपए मांगे। चालक ने अभद्रता करते हुए गलियां भी दी। इस दौरान मौके पर और लोग भी आ गए थे। लोगों के विरोध के बाद आरोपी गाड़ी लेकर चला गया। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी इमरान और उसके साथी के खिलाफ धारा 327, 323, 294,34 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

थाने का वाहन लेकर आखिर गया कैसे?

इस मामले में पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर आरोपी और उसके साथी के खिलाफ प्रकरण तो दर्ज कर लिया है लेकिन बड़ा सवाल यह है कि आरोपी थाने का मोबाइल वाहन लेकर आखिर गया कैसे?

इस मामले में एएसपी राकेश खाखा ने मीडिया को दी गई बाइट में बताया कि थाने का वाहन अधिग्रहित किया हुआ है। आरोपी इमरान पूर्व में इस वाहन का चालक रह चुका है। आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपियों को अभिरक्षा में लेकर पुछताछ की जा रही है।

इधर पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी पुलिस वाहन थाने से कैसे लेकर गया इस संबंध में भी जांच शुरू कर दी गई है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *