रतलाम: सड़क हादसे में महिला सफाईकर्मी की मौत का मामला-नगर निगम के बाहर मुख्य रोड पर शव रखकर किया प्रदर्शन, निगम आयुक्त के व्यवहार को लेकर जताई नाराजगी

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
||

रतलाम,6फरवरी(खबरबाबा.काम)। बीती रात सड़क हादसे में महिला सफाईकर्मी की मौत के बाद स्वजन को नोकरी देने, ठेकेदार पर कार्रवाई करने व आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर सफाईकर्मियों ने मंगलवार दोपहर नगर निगम के सामने मुख्य रोड को जाम करते हुए शव रखकर धरना प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि जब आयुक्त से चर्चा करने गए तो उन्होंने सन्तोषप्रद जवाब नही दिया और सही व्यवहार नहीं किया। बाद में निगम आयुक्त प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और सफाई कर्मियों से चर्चा की जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

इधर शव रखकर धरना देने और रोड जाम करने की सूचना मिलने पर एसडीएम संजीव केशव पांडे, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, सीएसपी अभिनव कुमार बारंगे, नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर विकास सोलंकी सहित शहर के चारों थानों के प्रभारी एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों से चर्चा की। सफाई कर्मचारी यूनियनों के नेताओ ने कहा कि जब तक आयुक्त आकर बात नही करेंगे तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। उनकी मांगे नही मानी गई तो सफाई कर्मी हड़ताल पर जाकर सफाई व्यवस्था ठप की जाएगी।

करीब 1 घंटे बाद प्रशासनिक अधिकारियों के कहने पर निगम आयुक्त ए.पी.एस गहरवार प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और सफाई कर्मियों से चर्चा की। मांगों को लेकर निगम आयुक्त के आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।

निगम आयुक्त ए.पी.एस गहरवार ने मीडिया से चर्चा में बताया कि सफाईकर्मी के परिवार की आर्थिक मदद के लिए नगर निगम एवं राज्य शासन द्वारा जो भी मदद की जा सकती वह की जाएगी। बात करने आए सफाई कर्मियों से अभद्र व्यवहार के सवाल पर निगम आयुक्त ने कहा कि ऐसा नहीं है। वह नगर निगम में नौकरी की मांग कर रहे थे और नगर निगम में नौकरी नियम अनुसार ही दी जा सकती है।

यह है घटना

नगर निगम के ठेके पर कार्यरत 32 वर्षीय सफाई कर्मचारी कविता भाटी पत्नी दीपक भाटी व 33 वर्षीय हिना परमार पत्नी विनोद परमार दोनो निवासी सिलावटों का वास बस्ती रात्रिकालीन सफाई व्यवस्था के दौरान रात करीब डेढ़ बजे सैलाना ओवरब्रिज पर सफाई कर रही थी‌ तभी वहां से गुजर रही एक तेज गति कार ने उन्हें चपेट में ले लिया। कविता भाटी व हिना परमार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रात करीब दो बजे जिला अस्पताल ले जाकर भर्ती कराया गया, जहां कुछ देर बाद कविता ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद चालक कार लेकर भाग गया।

इधर सीएसपी अभिनव वारंगे ने बताया कि पुलिस कार चालक की तलाश कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *