
रतलाम,21फरवरी(खबरबाबा.काम)। सरेराह चाकू दिखाकर रंगदारी करने और अवैध वसूली करने के मामले में आरोपी को माणकचौक पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की मदद से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 9 बजे थाना माणकचौक क्षेत्र अंतर्गत निवासी योगेश पिता जगदीश सोनी अपने घर से त्रिपोलिया गेट की तरफ जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात आरोपी द्वारा रोककर रंगदारी करते हुए शराब पीने के लिए पैसे की मांग करने लगा तथा चाकू दिखाकर धमकाने लगा। फरियादी की सूचना पर तत्काल माणकचौक पुलिस द्वारा अज्ञात आरोपी की तलाश हेतु घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए।
इस दौरान सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से अज्ञात आरोपी की पहचान राकेश पिता कन्हैया लाल राठौड़ निवासी कल्याण नगर रतलाम के रूप में हुई। जिसे थाना माणकचौक पुलिस द्वारा रात में ही चाकू लेकर घूमते हुए गिरफ्तार किया है। वही पुलिस ने आरोपी से धारदार चाकू भी जब्त किया है। मामले में पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर कार्यवाही की जा रही है।



