
रतलाम,10फरवरी(खबरबाबा.काम)। बीती रात बदमाशो ने सोन-चांदी की दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। ताला तोडक़र घुसे बदमाश सोने-चांदी के जेवर पर हाथसाफ कर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी उठा ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौक पर पहुंची। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए फिंगर प्रिन्ट विशेषज्ञ बारिकी से छानबीन कर जांच कर रहे है।
जेवर दुकान में चोरी की वारदात हाकिमवाड़ा स्थित जे.एस. ज्वेलर्स दुकान में हुई है। यहां छह माह पहले ही जेवर ही दुकान खुली है।

जे.एस. ज्वेलर्स दुकान के संचालक शैलेंद्र शर्मा ने मीडिया को बताया कि वे बसंत कॉलोनी में रहते है। हाकिमवाड़ा चौराहे पर स्थित गेट के पास ही दुकान है। शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में सोने-चांदी की दुकान को खोले अभी छह माह ही हुए है। रात को बदमाशों ने दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।
चोरी का पता सुबह साढ़े सात बजे के लगभग उस समय चला दुकान के सामने रहवासी एहसान भाई ने दुकान की शटर को उठा हुआ देखा, वैसे ही उन्होंने इसकी सूचना दी। पता चलते ही वे दुकान पर पहुंचे तो दुकान की शटर उठी हुई और ताला टूटा हुआ देखा। दुकान संचालक ने तत्काल स्टेशनरोड थाना पुलिस को सुचना दी। मौैके का मुआयना करने के लिए थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि दुकान के अंदर का सामान अस्त व्यस्त था। शर्मा ने बताया कि बदमाश दुकान के काउंटर और तिजौरी को पूरी तरह खाली कर गए।एक भी जेवर दुकान में नहीं छोड़ा।
शर्मा ने बताया कि वैसे तो वे रोजाना कीमती जेवर घर पर ले जाते है। कल भी ज्यादात्तर जेवर घर ले गए थे लेकिन कुछ सोने-चांदी के जेवर दुकान में ही रखे रहे। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक तौर पर तकरीबन साढ़े चार लाख कीमत के जेवर चोरी होने का अनुमान है। चोरी गए जेवर की सही जानकारी जेवरों का मिलान करने पर होना बताया।
शर्मा ने बताया कि सुरक्षा और दुकान की निगरानी के लिए दुकान में बकायदा सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए है। लेकिन बदमाश इतने शातिर थे कि चोरी की हरकत कैमरे में कैद ना हो, इसके लिए कैमरे का डीवीआर ही उठा ले गए। आसपास के लोगों का कहना है कि यहां रातभर चहल-पहल रहती है बावजूद इसके शातिर बदमाशों ने बड़ी चतुराई से वारदात को अंजाम दे दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने चोरी की वारदात का मुआयना किया। बदमाशों का सुराग लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाल रही रही है। बदमाशों का सुरा लगाने के लिए फिंगर प्रिन्ट एक्सपर्ट ने भी जांच के लिए मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।


