रतलाम: जावरा एसडीएम का ग्रामीणों के साथ अभद्रता का वीडियो वायरल, कलेक्टर ने एडीएम को सौंपी जांच

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,6फरवरी(खबरबाबा.काम)। अब जिले के जावरा एसडीम का ग्रामीणों के साथ अभद्रता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सोमवार का बताया जा रहा है। इस मामले में कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने एडीएम को पूरे मामले की जांच सौंप दी है।

बताया जा रहा है कि जिले की जावरा तहसील के ग्राम बड़ायला चोरासी के यहाँ रेलवे द्वारा गुड्स यार्ड और रेलवे दोहरीकरण का काम चल रहा है। कुछ मांगों को लेकर किसानों ने यहां काम रुकवा दिया है। सोमवार को रेल अधिकारियों के साथ एसडीएम अनिल भाना गांव में ग्रामीणों को समझाने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान किसानों और एसडीएम के बीच जमीन के मुआवजे और रास्ते की मांग को लेकर विवाद हो गया। इस विवाद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एसडीएम अनिल भाना द्वारा अभद्रता करने की बात कही जा रही है।

इस वायरल वीडियो के बाद कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार ने एडीएम को पूरे मामले की जांच सौंप दी है।

मुआवजे को लेकर किसान असंतुष्ट

उल्लेखनीय है कि रेलवे द्वारा करीब 1095.88 करोड़ रुपए की लागत से रतलाम-नीमच के बीच रेल लाइन दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसके तहत जावरा सिटी में स्थित गुड्स यार्ड को यहां से 9 किमी दूर ग्राम बड़ायला चौरासी में शिफ्ट कर रहे हैं। वहां गुड्स यार्ड और उस तक जाने वाले एप्रोच रोड व दोहरीकरण के लिए रेलवे ने बड़ायला चौरासी के 27 किसानों की भूमि अधिग्रहण की है, लेकिन ये किसान संतुष्ट नहीं है और कम मुआवजा मिलने तथा सही गणना नहीं होने का आरोप लगाते हुए इन्होंने काम रुकवा दिया है। किसानों का कहना है कि गांव में जो मौजूदा अंडरब्रिज है, वह बहुत छोटा है। इससे कई बार किसानों के बड़े वाहन या भरे हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली नहीं निकलते। इसलिए वे गांव में रेल प्रोजेक्ट क्रॉसिंग पर नया बड़ा अंडरपास बनाने की मांग भी कर रहे हैं। इधर प्रोजेक्ट लेट होने से रेलवे अधिकारियों ने एसडीएम को समस्या बताई। जिस पर सोमवार को एसडीएम अनिल भाना गांव पहुंचे और रेलवे अधिकारियों को मौजूदगी में किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नही माने। किसानों का कहना है कि हमें मुआवजा भी कम दिया जा रहा है और हमारी समस्या भी नही सुनी जा रही। इस दौरान ग्रामीण और एसडीएम के बीच विवाद और बहस भी हुई, जिसका वीडियो वायरल हो गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *