रतलाम: जिससे कराई बहू की शादी उसी ने कर दी हत्या, रतलाम पुलिस ने वृध्दा की हत्या का किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
||

रतलाम,4मार्च(खबरबाबा.काम)। दीनदयाल नगर थाना अंतर्गत मोतीनगर क्षेत्र में हुई वृध्दा की हत्या के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार मृतिका ने अपनी बहू की शादी जिस व्यक्ति से कराई थी,उसी ने उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी राहुल लोढा ने पूरे मामले का खुलासा किया। इस दौरान एएसपी राकेश खाखा और सीएसपी अभिनव वारंगे भी मौजूद थे।

जानकारी के अनुसार 2 और 3 मार्च की दरम्यानी रात को मोती नगर में रहने वाली 75 वर्षीय भूरी बाई पति बाबूलाल सिंगाड की अज्ञात व्यक्ति ने हत्या कर दी थी। रविवार सुबह पुलिस को वारदात की सूचना मिली। एसपी राहुल लोढा ने भी घटना स्थल का निरीक्षण किया था। एसपी श्री लोढा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आरोपियों की गिरफ्तार के निर्देश दिए।

घर से निकालने पर की हत्या

एसपी राहुल लोढा ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की जांच में वीरसिंह पिता हेमा भाभर निवासी सैलाना हाल मुकाम शंकरगढ का नाम सामने आया। पुलिस ने वीर सिंह को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार मृतिका भूरी बाई के लड़के दिनेश की मृत्यु हो जाने के पश्चात मृतिका ने अपनी बहू का विवाह वीर सिंह से करवा दिया था। विवाह के पश्चात मृतिका की बहू और वीर सिंह उसके साथ ही रहते थे। बाद में मृतिका और वीर सिंह का विवाद होने पर मृतिका ने उसे घर से निकाल दिया था, इसके बाद से वीर सिंह और उसकी पत्नी शंकरगढ़ में किराए का कमरा लेकर रह रहे थे। इसी बात से वीर सिंह नाराज था और उसने रंजिश के चलते भूरी बाई की लकड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लकड़ी भी जप्त कर ली है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

अंधे कत्ल को सुलझाने में दीनदयाल नगर थाना प्रभारी दिनेश कुमार भोजक, एसआई शांतिलाल चौहान, देवीलाल पाटीदार, के.के. पटेल, कांतिलाल सोनार्थी, एएसआई दिनेश कुमार मावी, मुरली मकवाना, के एल रजक, प्रधान आरक्षक शमसुद्दीन शेख, अर्चना बाथरी, जगदीश चंद्र, पूजा सिंह , रोशन लाल राठौर, आरक्षक जितेन्द्र शक्तावत, संजय कुशवाहा, गोपाल आंजना, संदीप कुमावत, दीपक सिंह, सुनील राठौर, नरेंद्र मुनिया, नवीन सिंह चौहान, आशिक मंसूरी, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मनमोहन सिंह, विपुल भावसार आदि का सराहनीय सहयोग रहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *