रतलाम: फोरलेन के पास खेत में मिली युवती की लाश, गला रेत कर हत्या की आशंका, एसपी राहुल लोढा भी मौके पर पहुंचे

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
|

रतलाम,2अप्रैल(खबरबाबा.काम)। जिले के ढोढर में महू-नीमच फोरलेन के समीप एक खेत में युवती की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है। युवती की पहचान नहीं हो पाई है। ग्रामीणो की सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम जांच के लिए पहुंची। घटना की जानकारी मिलने के बाद एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को जांच के लिए आवश्यक निर्देश दिए।

मंगलवार को ढोढर में फोरलेन पर होटल भरत पैलेस और मंगलदास आश्रम के बीच एक खेत में अर्धनग्न अवस्था में युवती की लाश पाई गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवती का शव 12 घंटे पुराना बताया जा रहा है। युवती का गला रेता हुआ है। मृतक युवती के गले में चेन, अंगुली में अंगूठी के अलावा कान में सोने के टॉप्स भी पुलिस ने पाए हैं।

शव मिलने की सूचना पर रिंगनोद थाना प्रभारी पातीराम डावरे और चौकी प्रभारी कन्हैया अवास्या ने मौके पर पहुंच वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की सूचना दी। एफएसएल अधिकारी डॉ. अतुल मित्तल ने पहुंचकर युवती के घटनास्थल पर जांच की। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. मित्तल ने बताया की मृत युवती के शरीर पर सोने की ज्वैलरी पाई गई थी। उम्र तकरीबन 25 वर्ष के लगभग है। खेत में शव अर्धनग्न अवस्था में था। शरीर के ऊपर एक खून से सना कुर्ता भी प्राप्त हुआ है।

जानकारी मिलने पर एसपी राहुल लोढा भी घटना स्थल पर पहुंचे और निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए। एसपी राहुल कुमार लोढ़ा ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद अलग-अलग बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जावरा अस्पताल भेजा है। क्षेत्र के सीसीटीवी फूटेज के अलावा आसपास के क्षेत्र में सर्चिग की जा रही है। जल्द ही युवती की शिनाख्ती के साथ हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *