इंदौर: सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में लड़की और उसके भाई की गोली मारकर हत्या की, फिर खुद को भी मारी गोली

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

इंदौर,4अप्रैल(खबरबाबा.काम)। भंवरकुआ थाना क्षेत्र में एक सिरफिरे प्रेमी ने एक तरफा प्यार में लड़की और उसके रिश्तेदार को गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को एक काॅलेज परिसर में जाकर गोली मार ली।

यह घटना स्वामी नारायण मंदिर की है। जूनी इंदौर में रहने वाली युवती स्नेहा जाट महाराजा रणजीत सिंह काॅलेज की छात्रा है। वह अपने रिश्तेदार दीपक जाट के साथ मंदिर आई थी। इस बीच मंदिर परिसर में युवक अभिषेक यादव आया। वह स्नेहा को चाहता था और प्रपोज भी किया था, लेकिन स्नेहा उसे पंसद नहीं करती थी। इसके बावजूद आरोपी अभिषेक उसके पीछे पड़ा था। उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी थी। परिजनों को यह बात स्नेहा ने बताई थी। बताते है कि आरोपी अभिषेेक ने स्नेहा को मंदिर परिसर में बुलाया था। स्नेहा अपनी मौसी के बेटे दीपक को लेकर मंदिर आई थी।

मंदिर परिसर में आने के बाद अभिषेक ने स्नेहा से बहस शुरू कर दी। विवाद बढ़ गया और आरोपी ने पिस्तौल निकाल कर पहले युवती को गोली मारी। उसका रिश्तेदार दीपक बचाने आया तो उसे भी अभिषेक ने गोली मार दी। इसके बाद वह भाग गया। स्नेहा और दीपक लहुलुहान हालत में परिसर में गिर पड़े। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी।

अभिषेक ने काॅलेज में जाकर खुद को गोली मारी

दोनो को गोली मारने के बाद आरोपी अभिषेक सामने स्थित काॅलेज मेें घुसा और गार्ड से कहा कि मुझे घबराहट हो रही है और पानी पीना हैै। गार्ड ने प्याऊ के बारे मेें बताया। आरोपी ने वहां जाकर खुद को गोली मार ली। गोली चलने से काॅलेज मेें सनसनी फैल गई, क्योकि उस वक्त परिसर में छात्र और छात्राएं मौजूद थे। गोली लगते ही आरोपी फर्श पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हत्या में प्रयुक्त रिवाल्वर जब्त कर ली है। आरोपी अभिषेक सिहोर का रहने वाला है।

इंदौर के एडिशनल कमिश्नर ऑफ़ पुलिस अमित सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *