रतलाम: युवक के साथ दुर्व्यवहार कर थाने लेकर जाने का आरोप, परिवार और समाजजनों ने की एसपी को शिकायत, सीएसपी को सौपी गई जांच, सीसीटीवी फुटेज भी होंगे चेक

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,8अप्रैल(खबरबाबा.काम)। सोमवार को काटजू नगर क्षेत्र से स्टेशन रोड थाना पुलिस द्वारा एक युवक को थाने लेकर आने के मामले में परिवार और समाजजनों ने थाना पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर आरोप लगाए हैं। इस मामले में परिवार और समाज जनों ने एसपी को लिखित शिकायत की है, जिसके बाद एसपी राहुल लोढा ने सीएसपी को मामले की जांच सौंप दी है। ज्ञापन देने के पूर्व समाजजन बड़ी संख्या में स्टेशन रोड थाने भी पहुंचे और अपनी नाराजगी व्यक्त की।

वेदव्यास कॉलोनी निवासी आलोक मूणत सहित जैन समाज के कई लोगों ने हस्ताक्षरयुक्त एक शिकायत पत्र एसपी राहुल लोढा को सौंपा है। शिकायती आवेदन में श्री मूणत ने बताया कि उनका भतीजा सोमवार सुबह वेदव्यास कॉलोनी स्थित घर में अकेला था, इसी दौरान स्टेशन रोड थाने के कुछ जवान और कुछ अन्य व्यक्ति घर में घुसे और युवक को जबरन घसीटते हुए थाने ले गए।

शिकायत में बताया गया कि युवक अपनी माता के साथ रहता है। तीन – चार वर्ष पूर्व व्यापार में नुकसान होने पर उसके पिता बिना बताए कहीं चले गए हैं। उनके पिताजी के लेनदेन के मामले को लेकर कुछ लोग स्टेशन रोड थाना पुलिस को लेकर घर में घुसे और जबरन युवक को थाने लेकर चले गए। शिकायत में यह भी कहा गया कि उसके पिताजी की पूछताछ के नाम पर पुलिस द्वारा उनके परिवार को परेशान किया जाता है। शिकायत में कहा गया कि युवक के साथ सोमवार को बड़े अपराधी की तरह दुर्व्यवहार पुलिस द्वारा किया गया। शिकायत में एसपी से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

थाने पर भी पहुंचे समाजजन

युवक को दुर्व्यवहार पूर्वक थाने ले जाने की सूचना मिलने पर परिवार के साथ ही कई समाजजन भी स्टेशन रोड थाने पहुंचे और थाना प्रभारी के समक्ष अपनी नाराजगी जाहीर की। इसके बाद सभी एसपी कार्यालय पहुंचे और पुलिस अधीक्षक के नाम एएसपी राकेश खाखा को ज्ञापन सौंपा।

इनका कहना है

शिकायत पर मामले की जांच सीएसपी को सौंप दी गई है। सीसीटीवी फुटेज भी चेक किए जाएंगे। जांच कर सीएसपी अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे, उसके बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।

-राहुल लोढा, एसएसपी,रतलाम

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *