रतलाम: लोकसभा चुनाव को लेकर आयोजित कांग्रेस के कार्यकर्ता सम्मेलन में यह क्या कह गए कांग्रेस उम्मीदवार के बेटे और झाबुआ विधायक विक्रांत भूरिया

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,5अप्रैल(खबरबाबा.काम)। शुक्रवार को आयोजित कांग्रेस के रतलाम शहर, रतलाम ग्रामीण और सैलाना विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया के बेटे, झाबुआ विधायक और प्रदेश युंका अध्यक्ष विक्रांत भूरिया अपने बयान से चर्चा में आ गए। उन्होंने जहां कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नेताओं पर तल्ख टिप्पणी की, वहीं भाजपा उम्मीदवार के परिवार पर भी गंभीर आरोप लगाए।

सम्मेलन में अपने भाषण के दौरान विक्रांत भूरिया ने भाजपा प्रत्याशी के परिवार और प्रदेश के वन मंत्री पर गंभीर आरोप लगाए। मंच से विक्रांत ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी के परिवार पर हत्या के 10 प्रकरण दर्ज हैं। शराब और रेत माफिया हैं और वन मंत्री होकर उनके क्षेत्र के वन को तेजी से कटवा रहे हैं।

विक्रांत भूरिया ने कांग्रेस छोड़कर जाने वाले नेताओं कार्यकर्ताओं को लेकर भी तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि यदि किसी के मन में है कि हम बिक जायेंगे, विश्वासघात करेंगे तो वह कल छोड़कर जाते हो तो आज छोड़ जाए पार्टी। कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे, लेकिन पार्टी में रहकर धोखा मत देना।क्योंकि धोखा दिया तो वह मां के साथ विश्वासघात होगा। पार्टी छोड़कर जाने की बात को आगे बढ़ाते हुए विक्रांत भूरिया ने कहा कि दो बाप के नहीं एक बाप के बनो, जो यहां हैं, उन्हें न तो डरना है, न बिकना है। क्योंकि जो डर गया वो मर जाएगा। उन्होंने कहा कि इतिहास तलवे चाटने वालो का नहीं लिखा जाता बल्कि संघर्ष करने वालों का लिखा जाता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने यह कहा

कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि अबकी बार 400 पर का नारा इसलिए दिया गया है क्योंकि संविधान बदलने के लिए 400 जरूरी है। एक बार संविधान बदल गया तो अगली बार चुनाव ही नहीं होंगे। देश में चुनाव खत्म हो गया तो आम आदमी का कोई अधिकार भी नहीं बचेगा। जो लोग बाबा साहब के संविधान से प्यार करते हैं उन्हें इस चुनाव में ताकत दिखानी पड़ेगी।

मंच से पटवारी ने कहा कि 2014 के चुनाव में एक नारा था बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार। पेट्रोल 60 था,अब हो गया 110 का। जो राशन तब 1000 का आता था अब 10000 का हो गया। दवाई से लेकर कपड़े तक 20 गुना हो गया। कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया की मौजूदगी में उनके लिए वोट मांगने को लेकर रणनीति बनाई।

इन्होंने भी किया संबोधित

कार्यकर्ता सम्मेलन को कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी कांतिलाल भूरिया, सैलाना के पूर्व विधायक हर्ष विजय गहलोत, शहर अध्यक्ष महेंद्र कटारिया समेत प्रदेश के पदाधिकारी, धार, थांदला के विधायक आदि ने भी संबोधित किया। सम्मेलन में तीनों विधानसभा के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *