रतलाम: लोकसभा चुनाव 2024- जिले के सरवन एवं बांगरोद में हुई सीएम डॉ मोहन यादव की आम सभा

indresh98kumar@gmail.com
5 Min Read
|

रतलाम, 7 मई(खबरबाबा.काम)। आज कंस का युग याद कर ले या कांग्रेस का, दोनों एक जैसे है। इनकी निगाह और नियत खराब है। आज मैं कूलर में खड़ा हूं, माइक से बोल रहा हूं लेकिन पहले लाइट ही नहीं रहती थी, ऐसे हालात कांग्रेस ने कर रखे थे। यही कारण है कि आज पूरे देश से कांग्रेस को ठुकरा रहे है।

यह बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिले के सरवन और बांगरोद में आमसभा को सम्बोधित करते हुए कही। वे पहले रतलाम के सैलाना विधानसभा के सरवन में पहुंचे और आमसभा को संबोधित किया। इसके बाद वे रतलाम ग्रामीण विधानसभा के ग्राम बांगरोद पहुंचे। सभा में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप,भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय,जिला प्रभारी प्रदीप पांडेय एवं भाजपा प्रत्याशी अनीता नागरसिंह चौहान मौजूद रहे।

बांगरोद में मुख्यमंत्री ने सभा स्थल के समीप स्थित बाबा खाटूश्याम मंदिर पहुंचकर दर्शन किए, उसके बाद मंच से मोदी सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए कांग्रेस को जमकर आड़े हाथ लिया।


मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि ये बोल रहे है कि भाजपा सरकार में संविधान खतरे में आ जायेगा। इनके लिए लोकतंत्र इसलिए खतरे में है क्यो कि ये गलत काम कर रहे है और जेल जा रहे है। मोदीजी के जीवन का एक ही लक्ष्य सभी का जीवन सुखमय बनाना है। जिसका खुद का मकान नहीं वह 4 करोड़ आवासों का सपना देख रहा है। मोदी जी ने हर घर पर नल से जल और गैस पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कांग्रेस झूठ बोलने की दुकान है। राहुल गांधी बोलते है कि हमारी सरकार बनाओ, हम गरीबी हटाएंगे। लेकिन पहले सालो तक इनकी सरकार थी, तब नहीं कर पाए तो ये क्या जादू से कर देंगे। भाजपा सरकार ने व्यवस्था की है कि कोई भी बीमार होगा तो उसे आयुष्मान से उपचार मिलेगा। गंभीर बीमारी में आवश्यकता हुई तो कलेक्टर और डॉक्टर तय करके मरीज को हेलीकॉप्टर से उपचार के लिए अन्य जिले के अस्पताल में भेजेंगे।

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने कहा कि भाजपा आदिवासी अंचल में विकास की धारा लाने का काम कर रही है। नल-जल योजना से लेकर प्रधानमंत्री आवास तक कई काम हुए है। सड़कों की हालत सुधरी है। यहां निर्माण के कई कार्यों को गति दी गई है। सिंचाई का पानी और पेयजल की व्यवस्था 12 महीने करने की योजना पर काम कर रहे है। अनिता नागर सिंह चौहान जितेगी तो सांसद के साथ एक और कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान भी आपको मिलेगा। रतलाम के पास जो निवेश क्षेत्र बन रहा है, उसमें 50 प्रतिशत काम रतलाम जिले के लोगों को मिलेगा, यह सुनिश्चित किया गया है। शिक्षा के लिए सीएम राइज स्कूल भी खुले है। मोदी जी ने दस साल में देश को गति दी है। क्षेत्र के विकास के लिए मैं हमेशा तत्पर रहूंगा।

बांगरोद में आयोजित आमसभा में ग्रामीण विधायक मथुरालाल डामर ने कहा कि आपने मुझे 35 हजार मतों से जिताया था, अब बहन अनिता नागर सिंह चौहान को 51 हजार से जिताएंगे, यह हमने संकल्प लिया है और सबको मिलकर इसे पूरा करना है।

भाजपा प्रत्याशी अनीता नागर सिंह चौहान ने कहा कि मुझे भाजपा ने प्रत्याशी बनाया है और मैं आपसे आशीर्वाद लेने आई हूं।

आमसभा के दौरान जिला महामंत्री संगीता चारेल, निर्मल कटारिया, सैलाना विधानसभा प्रभारी दिलीप मकवाना, विधानसभा संयोजक भंवरलाल डोडियार, सह संयोजक भूपेंद्र जायसवाल, रतलाम ग्रामीण विधानसभा प्रभारी अशोक पोरवाल, संयोजक कन्हैयालाल पाटीदार, सह संयोजक अशोक पण्ड्या आदि मंचासीन रहे।

कांग्रेस नेता कार्यकर्ताओ के साथ भाजपा में शामिल

मुख्यमंत्री डॉ यादव की उपस्थिति में बांगरोद की जनसभा में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। मुख्यमंत्री एवं अतिथियों ने ब्लॉक संगठन मंत्री वेद प्रकाश पाटीदार, पूर्व सहकारी समिति अध्यक्ष अनोखीलाल चौहान, कांग्रेस नेता राधेश्याम पाटीदार, वजेराम मालवीय धनेसरा, अनोखी लाल पाटीदार और हिम्मत सिंह बरबोदना का स्वागत किया। सभी नेताओं ने भाजपा को विजयी बनाने का संकल्प लिया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *