
रतलाम,29मई(खबरबाबा.काम)। नवागत डीन डाॅ. अनिता मूथा के द्वारा जनसामान्य के हित में अब रतलाम के डाॅ. लक्ष्मीनारायण पाण्डेय शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध चिकित्सालय में अब रविवार सहित शासकीय अवकाश के दिन भी 02 घण्टे ओपीडी संचालित होगी और विभागों के डाॅक्टर यहाॅं बैठकर मरीजों का परीक्षण कर उपचार देंगे।
इसके अलावा मेडिकल काॅलेज के सामान्य कार्य दिवसों में ओपीडी समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक समस्त विधाओं के विशेषज्ञ डाॅक्टर ओपीडी में मौजूद रहेंगे। यदि मरीज ज्यादा हैं तो ओपीडी में अंतिम मरीज को देखने के बाद ही उठेंगे। इस संबंध में अस्पताल अधीक्षक, सह-संयुक्त संचालक चिकित्सा महाविद्यालय रतलाम द्वारा नया आदेश जारी किया है।
इसके साथ ही अब रविवार सहित किसी भी शासकीय अवकाश के दिन ओपीडी बंद नहीं रहेगी। रविवार एवं अन्य शासकीय अवकाश के दिवसों में ओपीडी का संचालन प्रातः 09ः00-11ः00 बजे तक किया जाएगा। उक्त समय अवधि में संबंधित आवश्यक सेवाएं यथा पंजीयन काउंटर, लैब, दवा वितरण केन्द्र, एक्स-रे एवं सोनोग्राफी आदि भी कार्यशील रहेंगें।



