
रतलाम, 11मई (खबरबाबा.काम)। नन्हे बच्चों में भी असीम प्रतिभाएं हैं। इन्हें तराशकर जिस तरह सीएम राईज विनोबा नगर स्कूल निखार रहा है, वैसा अन्य जगहों पर भी होने लगे तो समाज ही नई दिशा में जा सकता है। बच्चों को मजदूरी, घर पर काम और तमाम अभावों से रोज सामना करना पड़ता है, लेकिन मन में इच्छशक्ति हो तो चुनौती और मजबूत बना देती है। लक्ष्य को तमाम विषमताओं में भी भूला न जाए अन्यथा वैसा होता है कि आए थे हरिभजन को ओटन लागे कपास…।
यह बातें सीएम राईज़ विनोबा नगर स्कूल में आयोजित 10 दिवसीय विशेष समर कैंप के समापन समारोह में मुख्य अतिथि रतलाम प्रेस क्लब के अध्यक्ष मुकेशपुरी गोस्वामी ने कही। उन्होने कहा कि सरकार का अभिनव प्रयास है कि निचले से निचले तबके के बच्चों को भी ये अवसर मिल रहे हैं जो नीजि स्कूलों को भी पछाड़ रहे हैं।
समारोह के विशेष अथिति प्रसिद्ध रंगकर्मी कीर्ति शर्मा ने कहा कि स्कूल के सभी स्टाफ और बच्चों द्वारा अलग हटकर जो मेहनत की जा रही है, उसका परिणाम बच्चों के उज्जवल भविष्य के रूप में देश को भी सकारात्मक ऊंचाई तक ले जाएगा।
विशिष्ट अतिथि जनवादी लेखक संघ के अध्यक्ष रणजीतसिंह राठौर ने भी कहा कि स्कूल में सामान्य परिवारों से मजदूरों के बीच से आने वाले बच्चों में छुपी प्रतिभाएं और आ रहे सुधार को देखकर गर्व का भाव आता है।
जिलाखेल प्रशिक्षक दीपेंद्र सिंह ठाकुर और पत्रकार अदिति मिश्रा ने भी स्कूल गतिविधियों की प्रशंसा की।
बच्चों ने किए उत्कृष्ट प्रदर्शन
सीएम राईज विद्यालय में 10 दिवसीय समर कैंप स्पंदन का आयोजन हुआ था जिसमें रोचक गतिविधियां सिखाई गईं। गुरुवार को समापन समारोह का प्रारंभ लॉन्ग जम्प प्रतियोगिता को स्पोर्ट प्रशिक्षक प्रह्लाद बैरागी की मौजूदगी में अतिथियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। यहां बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रशिक्षक सरिता राजपुरोहित के मार्गदर्शन में 10 दिनों तक बच्चों द्वारा सीखे गए ड्राइंग, पेंटिंग, आर्ट एंड क्राफ्ट एवं प्रदर्शनी का अवलोकन कर अतिथियों ने सराहना की। समापन समारोह के मंचीय कार्यक्रम की शुरुआत अतिथि स्वागत से हुई। इसमें प्राचार्य संध्या वोहरा, उप प्राचार्य गजेंद्र सिंह राठौर आदि ने स्वागत किया। समर कैंप प्रभारी हीना शाह द्वारा प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। अंत में विभिन्न विधाओं में भाग लेने वाले विद्यार्थियो एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
नाटक ने किया भाव विभोर, छलक उंठी आंखें
समारोह की सबसे जानदार प्रस्तुति नाटक के मंचन के रूप में हुई। थिएटर गतिविधि प्रशिक्षक हर्षिता सोलंकी के मार्गदर्शन में बच्चों ने बाल श्रम और गरीब परिवारों में काम करने को मजबूर बच्चों पर आधारित एक नाट्य प्रस्तुत किया। इसमें दिखाए गए दृश्यों और झकझोर देने वाले गीत को सुनकर कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों के साथ अभिभावक भी रो पड़े। नाटक समापन होने पर मुख्य अतिथि श्री गोस्वामी ने टीम को 1 हजार रूपए का नगद पुरस्कार भी प्रदान किया। उप प्राचार्य श्री राठौर ने बताया कि आने वाले दिनों में नाटक का मंचन पास की बस्ती में किया जाएगा। कैंप संचालन करने वाले कविता वर्मा, सीमा चौहान एवं अमित झा की भूमिका रही। समर कैंप प्रभारी हीना शाह ने अंत में बच्चों और अभिभावकों को अनुभव साझा करने को बुलाया। वरिष्ठ पत्रकार नीरज शुक्ला एवं विजय मीणा ने अपने अनुभव साझा करते हुए प्रयासों की प्रसंशा की। स्टाफ के साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावक आदि मौजूद रहे।



