
रतलाम,3जून(खबरबाबा.काम)। जिले के कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम मावता में सोमवार सुबह साढे 10 लाख रुपए से अधिक की लूट का मामला सामने आया है। बैंक में रुपए जमा कराने जाने के दौरान पेट्रोल पंप संचालक के साथ बदमाशों ने लूट की वारदात का अंजाम दिया है।
आरोपी बाइक पर फरियादी पेट्रोल पंप से संचालक निलेश राठौर का पीछा करते हुए सूनसान रास्ते तक आए। यहां उसे गिराकर मारपीट की और बैग छीनकर भाग निकले। फरियादी पेट्रोल पंप संचालक की रिपोर्ट पर बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है।
फरियादी निलेश राठौर ने बताया कि कालूखेड़ा के समीप स्थित ग्राम मावता में उनका पेट्रोल पंप स्थित है। सोमवार सुबह 10.30 से 10.45 के बीच वह बैग में 10 लाख 56 हजार रुपए लेकर बाइस से अपने पेट्रोल पंप से बैंक के लिए निकला। रास्ते में गांव नवेली और बाधिया के बीच पीछे से बाइक पर दो बदमाशों ने उसे चलती बाइक पर जोरदार लात मार दी। इससे उसकी बाइक असंतुलित होकर वह गिर पड़ा। उसके गिरते ही दोनों बाइक सवारों ने उतरकर उसके साथ मारपीट की और फिर उसका बैग भी छीनकर बाइक से भाग निकले। फरियादी ने इसके बाद पुलिस और परिवार को सूचित किया। इसके बाद पुलिस फरियादी को लेकर कालूखेड़ा थाने पर पंहुची और लूट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।


