
रतलाम,1जून(खबरबाबा.काम)। आबकारी विभाग की टीम ने दीनदयाल नगर थाना अंतर्गत सागोद रोड क्षेत्र से एक कार में ले जाई जा रही अवैध शराब बरामद की है। आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया।
आबकारी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार जिला कलेक्टर राजेश बाथम के निर्देशन में तथा सहायक आबकारी आयुक्त डॉ शादाब अहमद सिद्दीकी के मार्गदर्शन, सहायक जिला आबकारी अधिकारी पी सी केरवार के नेतृत्व में अवैध मदिरा के निर्माण, विक्रय एवं संग्रहण के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। शुक्रवार रात को सागोद रोड क्षेत्र से संदिग्ध वाहन रोकने के दौरान अज्ञात वाहन चालक टीम को देखकर वाहन छोड़कर भाग गया। आबकारी टीम द्वारा कार की तलाशी लेने पर उसमें से 2 पेटी (18 बल्क लीटर) देशी मदिरा एवं 9 पेटी (108 बल्क लीटर) विदेशी मदिरा बीयर मिली। आबकारी पुलिस ने इस मामले में अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34 (2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिए गया। उक्त कार्यवाही में आरक्षक भगवतीलाल सोलंकी,रामचरण पवार,नगर सैनिक चेतराम की सक्रिय भूमिका रही।



