
रतलाम, 5 जून(खबरबाबा.काम)।रतलाम-झाबुआ-अलीराजपुर संसदीय क्षेत्र की नवनिर्वाचित सांसद अनीता नागरसिंह चौहान ने जीत के बाद आज धन्यवाद रैली में रतलाम की जनता का आभार जताया। उन्होने अपनी जीत का श्रेय कार्यकर्ताओं, मतदाताओं, पार्टी के नेताओं आदि सबको दिया और कहा कि क्षेत्र के विकास में कोई कसर नहीं छोडे़गी।

भाजपा नेता प्रवीण सोनी ने किया स्वागत
धन्यवाद रैली विजय रथ के साथ नाहरपुरा चौराहे से निकली। चांदनी चौक में भाजपा नेता प्रवीण सोनी ने अपने समर्थकों के साथ नवनिर्वाचित सांसद श्रीमती अनीता नगर सिंह चौहान का जोरदार स्वागत किया।
रैली डालूमोदी बाजार, माणक चौक, घास बाजार, चौमुखी पुल, चांदनी चौक, तोपखाना, बजाज खाना, गणेश देवरी होते हुए रानी जी का मंदिर धानमंडी पर पहुंचकर सभा में परिवर्तित हो गई। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर मंचों से आमजन के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा नवनिर्वाचित सांसद श्रीमती अनीता नागरसिंह चौहान का आत्मीय स्वागत किया गया। रैली के आरंभ में पूर्व गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने नवनिर्वाचित सांसद का स्वागत किया। रैली में भाजपा के जिला, मंडल, मोर्चा, प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं अनेक कार्यकर्ता शामिल हुए।
धान मंडी में सांसद अनीता नागर सिंह चौहान ने कहा कि लोकसभा चुनाव में माता, बहने, बुजुर्गों का अपार समर्थन मिला है। यदि आपका सहयोग नहीं मिलता तो जीत नहीं होती। उन्होने विश्वास दिलाया कि क्षेत्र के विकास के लिए जो भी महत्वपूर्ण कार्य होंगे वह करूंगी। उनकी जीत का श्रेय सबको है।
इसमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप, वन एवं पर्यावरण मंत्री नागरसिंह चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, जिला महामंत्री निर्मल कटारिया, पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा, आशा मौर्य एवं महिला मोर्चा प्रदेश सदस्य अनीता कटारिया, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विप्लव जैन आदि मौजूद रहे।
भाजपा जिला अध्यक्ष के निवास पर स्वागत
धन्यवाद रैली के बाद नवनिर्वाचित सांसद श्रीमती अनीता चौहान एवं वन मंत्री नागर सिंह चौहान भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय के निवास पर पहुंचे। यहां परिवार जनों द्वारा उनका स्वागत कर जीत की बधाई दी गई। इस अवसर पर मंत्री चेतन्य काश्यप, बीजेपी नेता प्रवीण सोनी, पवन सोमानी आदि मौजूद रहे।


