रतलाम: श्री गढ़ कैलाश मंदिर स्थल का स्वरूप निखरेगा, नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घाट निर्माण की सैद्धांतिक स्वीकृति दी

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,26जून(खबरबाबा.काम)। नगर के प्राचीन श्री गढ़ कैलाश मंदिर स्थल का स्वरूप निखरेगा। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने मंदिर स्थल पर घाट निर्माण की सैध्दांतिक स्वीकृती प्रदान की है।

श्री गढ़ कैलाश सेवा समिति ट्रस्ट के सदस्यों ने इंदौर में पूर्व विकास प्राधिकरण अध्यक्ष अशोक पोरवाल के नेतृत्व में नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय से मुलाकात कर रतलाम के प्राचीन श्री गढ़ कैलाश मंदिर के सामने घाट निर्माण हेतु मांग पत्र सौंपा।

सदस्यों ने चर्चा के दौरान श्री विजयवर्गीय को बताया कि 350 वर्ष पूर्व रतलाम शहर की स्थापना के समय श्री गढ़ कैलाश महादेव मंदिर की स्थापना की गई थी ।मंदिर की प्रमुख विशेषता यहां स्थापित शिव प्रतिमा है। एक ही संगमरमर के पत्थर पर पूरा शिव परिवार है। नंदी पर शिव पार्वती विराजमान है। उनके चरणों में श्री गणेश,श्री कार्तिकेय और मूषक की प्रतिमाएं है।प्रतिमा में कहीं पर भी जोड़ नहीं है ,ऐसी दुर्लभ प्रतिमा देश भर में कहीं नहीं है।

मंदिर के सामने प्राचीन अमृत सागर तालाब है, हजारों श्रद्धालु वर्ष भर यहां आते हैं व दर्शन वंदन कर परिवार की सुख समृद्धि की कामना करते हैं, सावन मास व महाशिवरात्रि पर्व पर यहां भक्तों का जनसैलाब उमड़ता है।शिव भक्तों की लगातार बढ़ती संख्या व मंदिर के सामने स्थान की कमी के कारण श्रद्धालुओं को दर्शन वंदन करने में काफी समय लगता है इसलिए मंदिर के सामने घाट निर्माण करना अति आवश्यक है,जिसकी लागत लगभग 3 करोड़ होगी।

श्री विजयवर्गीय ने सदस्यों की बात को गंभीरता से लेते हुए निर्माण कार्य की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की और बजट में इसका प्रावधान कर जन भावना अनुसार श्री महाकाल लोक की तर्ज पर श्री गढ़ कैलाश लोक के रूप में मंदिर को भव्य स्वरूप दिये जाने की सहमति दी।

इस अवसर पर समिति के संरक्षक सतीश राठौर, अध्यक्ष सतीश भारतीय ,संजय शर्मा मालीक,बंटी सोनी व कैलाश चौहान मौजूद रहै ।

उक्त जानकारी समिति के संरक्षक अशोक जैन चौटाला, बलवीरसिंह राठौड़ ने देते हुए श्री विजयवर्गीय के द्वारा निर्माण कार्य की सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान करने पर उनका आभार जताया।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *