
रतलाम,5जुलाई(खबरबाबा.काम)। शहर में चेन लुटेरे एक बार फिर सक्रिय होने की कोशिश में है। शुक्रवार सुबह स्टेशन रोड थाना अंतर्गत गुलाब चक्कर के पास एक युवक के गले से दो पहिया वाहन सवार 3 बदमाशों ने चेन झपटने का प्रयास किया, लेकिन असफल रहे। फरियादी ने सिटीजन पुलिस एप के जरिए स्टेशन रोड पुलिस को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।
बदमाशों द्वारा चेन झपटने की कोशिश रामबाग निवासी सचिन पिता नरेंद्र श्रेष्ठ 23 वर्ष के साथ की गई है। सचिन ने बताया कि आज सुबह करीब 6:00 बजे वह पैदल घूमने के लिए निकला था। घूम कर वह घर की ओर लौट रहा था। इसी दौरान गुलाब चक्कर के पास दो पहिया वाहन पर सवार होकर आए तीन बदमाशों ने अचानक उसके गले पर झपट्टा मारकर चेन खींचने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाए।
अचानक हुए घटनाक्रम से घबराए सचिन ने शोर मचाया लेकिन बदमाश दुपहिया पर मौके से भाग निकले। बाद में अपने साथ हुए घटनाक्रम की शिकायत सचिन ने सिटीजन पुलिस एप के माध्यम से ऑनलाइन स्टेशन रोड पुलिस को की है।


