
रतलाम,28जून(खबरबाबा.काम)। माणकचौक थाना अंतर्गत चांदनी चौक में 9 दिन पूर्व हुए विवाद में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की बुधवार को रतलाम के एक निजी अस्पताल में मृत्यु हो गई। विवाद के दौरान मृतक के सर पर गंभीर चोट लगने की वजह से हालत चिंताजनक चल रही थी।
जानकारी के अनुसार दुकानदार 55 वर्षीय ईश्वलाल कसेरा पुत्र घासीराम कसेरा निवासी दीनदयाल नगर तथा उनका पुत्र 24 वर्षीय यश कसेरा 19 जून की रात करीब साढ़े दस बजे चांदनी चौक में अपने चाट के ठेले पर ग्राहकों को सामान दे रहे थे। तभी बदमाश देवेश राठौड़ निवासी कल्याण नगर, दादू राठौड़, सोनू आदि ने वहां पहुंचकर उन्हें फ्री में चाट खिलाने के लिए कहा था। दुकानदार के मना करने पर बदमाश गल्ले से रुपये निकालने लगे थे।
इस दौरान बदमाशो ने पाइप व पत्थरों से पिता-पुत्र के साथ मारपीट की थी। बदमाशों ने ठेले के पास पड़ी टेबल – कुर्सियों में भी तोड़फोड़ की थी। अन्य लोगों के बीच-बचाव करने पर बदमाश जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। मारपीट में पिता-पुत्र घायल हो गए थे। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहा पिता की हालत गंभीर देख निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। माणक चौक पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया था। वही इस घटनाक्रम के 9 दिन बाद आज बुधवार को शहर के गीता देवी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।



