रतलाम: गोवंश संरक्षण की दिशा में ईमानदारी से हो रहे हैं प्रयास-केबीनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त गौ संवर्धन आयोग के अध्यक्ष, महामंडलेश्वर स्वामी श्री अखिलेश्वरानंद गिरीजी महाराज ने चर्चा में कहा

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
||

रतलाम,5जुलाई(खबरबाबा.काम)। केबीनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त गौ संवर्धन आयोग के अध्यक्ष, महामंडलेश्वर स्वामी श्री अखिलेश्वरानंद गिरीजी महाराज ने कहा कि प्रदेश में गोवंश संरक्षण की दिशा में प्रदेश सरकार द्वारा ईमानदारी से प्रयास किए जा रहे हैं। चिन्हित जिलों में गोवंश वन अभ्यारण भी बनाए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि गौशालाओं के संचालन के लिए समाजसेवी संस्थाएं आगे आएं और गौशालाएं आत्मनिर्भर बने।

गौ संवर्धन आयोग के अध्यक्ष, महामंडलेश्वर स्वामी श्री अखिलेश्वरानंद गिरीजी महाराज ने यह बातें बुधवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा के निवास पर पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा गोवध को रोकने के लिए सख्त कानून बनाए गए हैं। इसके बाद भी यदा-कदा तस्करी की बातें सामने आती है। गौ संवर्धन आयोग के अध्यक्ष के नाते मैं जहां भी बैठक लेता हूं वहां अधिकारियों को गौ तस्करी को सख्ती से रोकने और तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश देता हूं। आपने कहा कि गोवंश सिर्फ हमारी आस्था का प्रतीक नहीं है बल्कि वह भारत के अर्थ तंत्र की भी रीढ की हड्डी है। आज गोवंश से मिलने वाले गोबर से बिजली और ईंधन ही तैयार नहीं हो रहा है बल्कि अन्य कई उत्पाद भी तैयार किए जा रहे हैं। गोबर से पेंट तक तैयार होने लगे हैं।

राजनीति और धर्म से जुड़े प्रश्न पर उन्होंने कहा कि धर्म समाज के हर क्षेत्र में मौजूद है। धर्म को किसी क्षेत्र से हटाया नहीं जा सकता है। धर्म हमारे जीवन का आधार है तब राजनीति कैसे धर्म से बाहर हो सकती है। धर्म का मतलब नैतिक मापदंड भी होता है। यदि राजनीति से नैतिक मापदंड हट जाएंगे तो अराजकता फैल जाएगी।

सरकारों में मुफ्त वितरण की बढ़ती प्रवृत्ति के प्रश्न पर आपने कहा कि यदि योजना बनाकर आम जनता को लाभान्वित किया जाता है तो उसमें कुछ गलत नहीं है, लेकिन यदि बिना योजना के कुछ भी वितरण होता है तो वह सही नहीं है।

देश की राष्ट्रीय राजनीति के मुद्दों पर उन्होंने कहा कि 2014 के बाद देश की दिशा बदली है। उन्होंने कहा कि देश में धारा 370 हटने और राम मंदिर का निर्माण शुरू होने के बाद समान नागरिक संहिता की चर्चा चल रही है। देश के सभी वासी इसका समर्थन करे, क्योंकि धर्म, पंथ और उपासना पद्धतियां अलग-अलग होने के बाद भी हम सब एक है।

डागा परिवार ने किया गुरु पूजन

केबीनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त गौ संवर्धन आयोग के अध्यक्ष, महामंडलेश्वर स्वामी श्री अखिलेश्वरानंद गिरीजी महाराज के निवास पर आगमन के अवसर पर पूर्व महापौर शैलेंद्र डागा परिवार द्वारा गुरु पूजन किया गया। इस दौरान आदित्य- पूजा डागा, अर्चित- राधिका डागा भी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *