
रतलाम,11जुलाई(खबरबाबा.काम)। शहर में एक बार फिर कई पेड़ों को काट दिया गया। सावन मास में इन पेड़ों पर रहने वाले सैकड़ों पक्षियों के घोंसले उजाड़ दिए गए। कई पक्षियों की मौत हो गई तो कई कटे पेड़ों के आस-पास बैठकर बारिश में भीगते हुए मानो अपने साथ हुई बर्बरता की कहानी बयां करते नजर आए। मौके का नजारा आप देखेंगे तो आपका मन भी द्रवित हो उठेगा।
शहर में पिछले कुछ समय में लगातार पेड़ों को काटा जा रहा है। पर्यावरण प्रेमी और जीव प्रेमी इसको लेकर आवाज भी उठा रहे हैं लेकिन कहीं कोई सुनवाई नहीं हो पा रही है। कोई कारवाई नहीं हुई है। जिम्मेदारों ने मानो मौन स्वीकृति दे दी हो।
नगर निगम के सामने आज फिर काट दिए पेड़
नगर निगम के सामने गांधी उद्यान के पास बन रहे गोल्ड काम्प्लेक्स की जगह आज फिर कई पेड़ों को काट दिया गया। सुबह जब पर्यावरण और जीव प्रेमियों को पता चला तो वे मौके पर पहुंचे और उन्होंने विरोध जताया। आकाश कोठारी, प्रकाश लोढ़ा, अदिति मिश्रा, अदिति दवेसर, युवा कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, फैयाज मंसूरी सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और आपत्ति दर्ज कराते हुए जिम्मेदारो को फोन लगाए। कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी ने तहसीलदार ऋषभ ठाकुर को मौके भेजा। उन्होंने पंचनामा बनाया। मोके पर मौजूद पर्यावरण प्रेमी ने कार्रवाई और एफआईआर की बात कही लेकिन उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं मिल पाया। जिसके बाद पर्यावरण और जीव प्रेमी आयुक्त से मिलने नगर निगम पहुंचे ,लेकिन आयुक्त वहां मौजूद नहीं थे। जन सुनवाई में मौजूद अधिकारियों से अपनी बात कही, लेकिन वहां भी संतोषजनक जवाब नहीं मिला।

जीव प्रेमियों ने पक्षियों को संभाला
मौके पर पहुंचे जीव प्रेमियों ने पेड़ कटने के बाद जमीन पर गिरे कई पक्षों को संभाला और उन्हें एक स्थान पर रखा। पक्षियों के कई छोटे बच्चों की मौत हो चुकी थी। मौके का दृश्य, पक्षियों की हालत और उजड़े घोसले देखकर वहां मौजूद अधिकांश लोग द्रवित हो उठे थे।






