
रतलाम,11जुलाई(खबरबाबा.काम)। नगर निगम के सामने गांधी उद्यान में पेड़ों को काटने और उन पर रहने वाले कई पक्षियों की मौत के मामले में पत्रकार अदिति मिश्रा की शिकायत पर स्टेशन रोड थाने में अज्ञात के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार आज नगर निगम के सामने बनने वाले गोल्ड काम्प्लेक्स की जगह पर कई पेड़ों को काट दिया गया था। इससे इन पेड़ों पर रहने वाले कई पक्षियों की मौत हो गई थी और कई के घरौंदे उजड़ गए थे। पर्यावरण और जीव प्रेमियों को जब इस बात की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंचे और अपनी आपत्ति दर्ज कराई। बाद में कार्रवाई के लिए पत्रकार और पर्यावरण प्रेमी अदिति मिश्रा, अदिति दवेसर, आकाश कोठारी, बबीता नागर, श्रेय सोनी, शिल्पा जोशी,हेमा हेमनानी, विशाल उपाध्याय, आर.एन राठौड आदि स्टेशन रोड थाने पहुंचे। यहां पत्रकार अदिति मिश्रा ने मामले को लेकर लिखित शिकायत की। शिकायत में कहा गया कि वर्षा ऋतु में मत्स्यआखेट और पेड़ों की कटाई पर प्रतिबंध है। इस दौरान पेड़ काटे गए जो अवैधानिक कृत्य है। इस कृत्य से कई पक्षियो की मौत हो गई और कई घायल भी हुए हैं, जो जीव संरक्षण अधिनियम के तहत अवैधानिक है। आवेदन पर पुलिस ने वन विभाग के डिप्टी रेंजर कैलाश चंद्र डामर से मौके पर कार्रवाई के संबंध में प्रतिवेदन चाहा, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ वाइल्डलाइफ प्रोटक्शन एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।



