
रतलाम,14जुलाई(खबरबाबा.काम)। चोरी की वारदातों के मामले में रतलाम पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। 12 दिन पूर्व स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में हुई लाखों की चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी 200 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। पुलिस उनसे चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ कर रही है।
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने आज पुलिस कंट्रोल रूम पर चोर गिरोह के बारे में खुलासा किया। गिरफ्तार आरोपियों के नाम शहजाद उर्फ चीना 42 वर्ष निवासी उज्जैन, ताहिर और साहिल निवासी उज्जैन और अमर चौहान निवासी उज्जैन है। दो अन्य आरोपी फुरकान एवं सोहेल दोनों निवासी उज्जैन की तलाश की जा रही है।एसपी के अनुसार गिरोह रैकी करने के बाद वारदात को अंजाम देते थे। जिस घर में ताला लगा देखते थे उस पर हाथ साफ कर देते थे।
एचडीएफसी बैंक के पीछे की थी चोरी
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि 2 जुलाई को स्टेशन रोड क्षेत्र में एचडीएफसी बैंक के पीछे रहने वाले श्याम सतवानी के सूने मकान में बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। श्री सतवानी अपने पिता के इलाज के लिए घर में ताला लगाकर इंदौर गए थे। पीछे से बदमाशों ने घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया और 5 लाख रुपए नगद एवं आभूषण सहित 12 लाख रुपए के लगभग के सामान पर हाथ साफ कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी चोरी के लिए कार से आए थे।
चोरी की इस वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने एसपी राकेश खाखा एवं सीएसपी हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में और स्टेशन रोड थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला के नेतृत्व में टीम का गठन किया। एसपी श्री बहुगुणा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत की और सीसीटीवी कैमरे को खंगालते हुए करीब 250 किलोमीटर तक उनके मूवमेंट को ट्रेस किया। पुलिस को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपी को गिरफ्तार किया और उनसे करीब 12 लाख मूल्य के चोरी के माल को बरामद किया। चोरी के पैसों से आरोपियों ने कार भी खरीदी थी और कुछ पैसे अन्य कार्य में खर्च कर दिए। पुलिस ने कार भी जब्त की है।

200 से अधिक चोरियां
एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड है। गैंग का सरगना शहजाद उर्फ चिना 200 से अधिक चोरी की वारदात कर चुका है। सभी आरोपी ताला तोड़ने में एक्सपर्ट है।
कार में घूम कर ताला लगा मकान तलाशते थे
पुलिस के अनुसार आरोपी अपनी कार से किसी भी शहर में रात्रि में घूमते हैं और जिस मकान पर ताला लगा हुआ देखते हैं उसमें वारदात को अंजाम दे देते हैं। इस दौरान वे मोबाइल का प्रयोग नहीं करते हैं। आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के बारे में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस अनुसार आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से उन्हें 3 दिन के पुलिस रिमांड पर दिया गया है।
पुलिस की अपील-बाहर जा रहे है तो पुलिस को दे सूचना
प्रेस के माध्यम से एसपी सिद्धार्थ बहुगुणा ने आम जनता से अपील की है कि अगर आप बाहर जा रहे हैं और घर पर ताला लगा रहे हैं तो इसकी सूचना पुलिस को जरूर दें। आप यह सूचना अपने संबंधित थाने अथवा मोबाइल नंबर 7049127232 पर दे सकते हैं।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
चोरी की वारदात के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में सीएसपी हेमंत चौहान, थाना प्रभारी किशोर पाटनवाला, एसआई आशीष पाल, एएसआई एमआई खान, प्रधान आरक्षक दिलीप देसाई, आरक्षक हेमराज, पवन, अभिषेक जोशी, धर्मेंद्र, विजय शेखावत, अर्जुन खींची, साइबर सेल के प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, आरक्षण विपुल भावसार और मयंक व्यास का योगदान रहा।



