
रतलाम-जावरा,9अगस्त(खबरबाबा.काम)। नागदा को जिला बनाने की घोषणा के बाद जावरा को जिला बनाने की मूहिम तेज हो गई हैं। इसको लेकर कल 10 अगस्त को जावरा बंद का आह्वान भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार जावरा विधायक डा.राजेन्द्र पांडे पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि राज्य शासन को वे प्रस्ताव भेज चुके हैं और वहीं ये लंबित हैं। इधर नागदा को जिला बनाने की घोषणा से जावरा में खलबली मची हुई हैं। जन चेतना मंच पहले से ही विभिन्न अभियान चला रहा हैं, वहीं युवाओं की समिति भी आगे आई हैं और उन्होंने 10 अगस्त को जावरा बंद का आव्हान किया हैं।
जावरा को जिला बनाने की मांग करने वाले लोगों का कहना है कि आलोट, ताल व खाचरौद को मिलाकर यदि नागदा को जिला बना दिया जाता है तो फिर जावरा का नंबर नहीं लगेगा। ऐसा इसलिए क्योंकि जावरा को फिर अलग से जिला बनाने के लिए उतना क्षेत्रफल व जनसंख्या नहीं बचेगी। नामली व सैलाना रतलाम के नजदीक होने से वे जावरा में शामिल होना नहीं चाहेंगे और जावरा अकेला रह जाएगा।
इसको भांपते हुए नगर के कुछ युवाओं ने अभी नहीं तो कभी नहीं का नारा देते हुए 10 अगस्त को संपूर्ण जावरा बंद का आह्वान किया है। बकायदा नगर में इसका अनाउंसमैंट कराया गया हैं। युवाओं ने गैर राजनीतिक स्तर पर एक संगठन गठित किया, जिसका नाम जावरा जिला बनाओ युवा समिति रखा है। इसके बैनर तले पूरा अभियान चलेगा। इसमें पोस्ट कार्ड अभियान से शुरूआत की गई। तीसरे दिन बुधवार को भी पोस्ट कार्ड अभियान शुरू किया। इसके साथ ट्विटर पर हैश टैग मुहिम शुरू की जाएगी। जावरा जिला बनाओ युवा समिति ने दिन में जावरा बंद का निर्णय लिया और 10 अगस्त तारीख तय की, संपूर्ण बंद को समर्थन देने के लिए आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, नेताओं और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों, व्यापारियों की संयुक्त बैठक भी बुलाई।



