
जिले के थानों में 2000 लगभग चालान पेंडिंग, एसपी ने दिखाई सख्ती, पेंडेंसी खत्म करने के निर्देश, स्वयं कर रहे मॉनिटरिंग
रतलाम,10अगस्त(खबरबाबा.काम)। जिले के अधिकांश थानों पर नए थाना प्रभारी की पद स्थापना होने जा रही है। पुलिस के अधिकारीक सूत्रों के अनुसार गुरुवार शाम तक पुलिस कप्तान द्वारा सूची जारी हो सकती है।
उल्लेखनीय है कि साल के अंत में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत जिले में 3 साल से अधिक समय से पदस्थ थाना प्रभारियों के तबादला आदेश जारी हो चुके हैं। बुधवार शाम तक पुलिस कप्तान राहुल लोढा ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को रिलीव कर दिया है। इधर दूसरे जिले से रतलाम स्थानांतरित हुए पुलिस अधिकारियों ने भी आमद देना शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों की माने तो गुरुवार शाम तक पुलिस कप्तान द्वारा थानो पर नई पदस्थापना के आदेश जारी हो सकते हैं।
निरीक्षण से टटोली स्थिति
पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्तमान में पदस्थ कुछ थाना प्रभारी भी इधर से उधर हो सकते हैं। नवागत पुलिस कप्तान राहुल लोढा द्वारा अपनी पद स्थापना के बाद आधे से अधिक स्थानों का निरीक्षण कर लिया है। इस दौरान उन्होंने थाना पर पदस्थ पुलिस अधिकारियों की योग्यता भी परखी है। निरीक्षण में सामने आई रिपोर्ट के आधार पर भी कई थानों में बदलाव किए जा सकते हैं। शहर के अधिकांश थानों में भी नए थाना प्रभारी की पदस्थापना की जा सकती है। इधर सिंगल ऑर्डर जारी कर शिवगढ़ थाना प्रभारी अमित शर्मा को एसपी ने साइबर सेल प्रभारी बना दिया है।
2 हजार के लगभग चालान पेंडिंग
अपनी सख्त कार्यप्रणाली और बेसिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए पहचाने जाने वाले पुलिस कप्तान राहुल लोढा ने जिले के सभी थानों को अपने यहां की चालान पेंडेंसी खत्म करने के निर्देश जारी किए हैं।
अधिकारिक सूत्रों के अनुसार एसपी राहुल लोढा के थानों के निरीक्षण के दौरान सामने आया कि जिले में लगभग 2 हजार चालान पेंडिंग पड़े हुए है। इनमें तो कुछ 4 साल से अधिक समय से पेंडिंग है। एसपी राहुल लोढा ने सभी थानों को प्राथमिकता से चालान पेंडेंसी खत्म करने के निर्देश दिए हैं। एसपी स्वयं प्रतिदिन इसकी मॉनीटरिंग कर रहे हैं। प्रतिदिन रात में कॉन्फ्रेंसिंग लेकर एसपी थाना प्रभारी से चालान प्रस्तुत करने सहित वारंट तामील की रिपोर्ट ले रहे हैं। इन निर्देशों का असर भी नजर आने लगा है।



