रतलाम: शहर में एमडी और स्मैक सप्लाई के मामले में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दो आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ में कई खुलासे

indresh98kumar@gmail.com
4 Min Read
|

रतलाम,12अगस्त(खबरबाबा.काम)। शहर में मादक पदार्थ की तस्करी और सप्लाई से जुड़े मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में कई खुलासे भी हुए हैं। पुलिस अभी और जांच कर रही है।

शनिवार को पुलिस कंट्रोल रूम पर आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी राहुल कुमार लोढा ने मीडिया को पूरे मामले की जानकारी दी। ज्ञातव्य है कि एसपी श्री लोढा के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थ की तस्करी करने वालों के खिलाफ मुखबिर तंत्र सक्रिय कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। एसपी के निर्देश पर एएसपी राकेश खाखा एवं एसडीओपी ग्रामीण अभिलाष भलावी के मार्गदर्शन में टीम बनाकर कार्रवाई हो रही है।

दो आरोपी गिरफ्तार

एसपी राहुल कुमार लोढा ने बताया कि पूर्व में स्टेशन रोड थाना पुलिस ने मूखबीर सूचना पर हाथीखाना रोड निवासी साजिद पिता साबिर उम्र 40 वर्ष को ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में जफर मेवाती का नाम सामने आया था। जफर को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की थी। एसपी राहुल लोढा ने बताया कि जफर से ही पूछताछ में उसने स्मैक उपलब्ध कराने वाले दीपक पिता चंद्रप्रकाश नागौरी 39 वर्ष निवासी घास बाजार और मनोज पिता पारसमल जैन 52 वर्ष निवासी नोलाईपुरा हाल मुकाम मुंबई का नाम बताया था। दोनों आरोपियों को पुलिस ने आज गिरफ्तार किया है। एसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने गुजरात के एक व्यक्ति से स्मैक लाना बताया है। प्रकरण में अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।

पार्टियों में बुलाकर लगाई लत

पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी राहुल कुमार लोढा ने बताया कि आरोपी मनोज कई साल पहले मुंबई चला गया था। वहां यह नशे का आदी हो गया था। मनोज अपने दोस्तों और मिलने वालों के लिए पार्टी रख कर उन्हें भी नशा करवाता था। आरोपी की पार्टी में शामिल होने वाले रतलाम के कई अच्छे परिवार के लोग भी नशे की गिरफ्त में आ गए। धीरे-धीरे मनोज एमडी के नशे से भी जुड़ गया। आरोपी दीपक भी उससे जुड़ा हुआ था। पुलिस दोनों आरोपियों की पुलिस रिमांड लेकर और भी पूछताछ कर रही है।

कई लोगों के नाम आए सामने

एसपी राहुल कुमार लोढा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में ऐसे कई लोगों के नाम सामने आए हैं जो नशे की लत का शिकार होकर नशा लेते हैं। कई लोग नशे की लत छोड़ने के लिए सुधार घर भी पहुंच चुके हैं। पूछताछ में सामने आई जानकारी की सत्यता की पुलिस जांच कर रही है। एसपी ने कहा कि फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान सप्लाई चेन पर है।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

आरोपियों की गिरफ्तारी में स्टेशन रोड थाना प्रभारी बीआर वर्मा, बिलपांक थाना प्रभारी ओपी सिंह, सैलाना थाना प्रभारी अयुब खान, एसआई विजय सिंह बामनिया, अमित शर्मा, प्रधान आरक्षक दिनेश जाट, राहुल जाट, हिमांशु यादव, हिम्मत सिंह, सतीश परमार, हेमंत यादव, अमित यादव और विपुल भावसार का सराहनीय योगदान रहा।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *