
News By-SOURABH KOTHARI
रतलाम,19अगस्त(खबरबाबा.काम)। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने जहां 39 विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, वहीं प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर अन्य राज्यों के विधायकों से सर्वे भी कराया जा रहा है। कल रविवार 20 अगस्त से यह विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर सर्वे शुरू करेंगे। रतलाम की पांचो विधानसभा सीटों के लिए जिन विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है वह भी आज रात तक रतलाम पहुंच जाएंगे। शनिवार को इन विधायकों को भोपाल में प्रशिक्षण दिया गया।

उम्मीदवार के चयन और विधानसभावार चुनावी रणनीति और मुद्दे तय करने के लिए भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व चार राज्यों के बीजेपी के 230 विधायको से मध्य प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर सर्वे कराने जा रहा है। यह सर्वे कल 20 अगस्त से शुरू हो जाएगा। जिन राज्यों के विधायक मध्य प्रदेश में सर्वे करेंगे उनमें उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र और बिहार के विधायक शामिल हैं। ये सभी विधायक 18 अगस्त को भोपाल पहुंच गए है।
इन विधायकों को आज प्रशिक्षण दिया गया। इस प्रशिक्षण के बाद ये विधायक 20 से 27 अगस्त तक प्रदेश की सभी 230 विधानसभा सीटों पर पहुंचकर सर्वे के आधार पर संभावित दावेदारों का पैनल तैयार करेंगे। पैनल में शामिल नामों को आला कमान को भेजा जाएगा। इस दौरान पार्टी के मौजूदा विधायकों के कामकाज का भी आकलन होगा। सर्वे करने वाले विधायक न सिर्फ आम जनता और कार्यकर्ताओं से चर्चा कर दावेदारों की पैनल तैयार करेंगे बल्कि उक्त विधानसभा के मुद्दों और वहां की चुनावी रणनीति किस हिसाब से अपनाई जाए इसकी भी रिपोर्ट आलाकमान को देंगे। सर्वे के लिए जिन 230 विधायकों को चुना गया है वह सब अपने-अपने क्षेत्र में चुनावी रणनीति के माहिर माने जाते हैं।
शनिवार को भोपाल में दिया गया प्रशिक्षण
उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात और महाराष्ट्र से आए विधायकों को शनिवार को भोपाल में विशेष प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण सत्र के बाद ये विधायक अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों के लिए रवाना हो जाएंगे।वहां वे एक सप्ताह तक रहेंगे। ये विधायक जो भी काम करेंगे, वह काफी गोपनीय होगा। इस काम में वे स्थानीय नेताओं का सहयोग नहीं लेंगे।
जिला महामंत्री विधायकों को लेने भोपाल पहुंचे
रतलाम जिले की पांचो विधानसभा सीटों पर सर्वे के लिए जिन विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें लेने के लिए रतलाम से जिला महामंत्री प्रदीप उपाध्याय भोपाल पहुंच गए हैं। शनिवार रात तक पांचो विधायकों के रतलाम पहुंचने की संभावना है। रविवार 20 अगस्त से सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर सर्वे शुरू कर देंगे।
यह विधायक आएंगे सर्वे के लिए
पार्टी सूत्रों की माने तो जिले में सर्वे के लिए पूर्व में संभावित नामों में बदलाव हुआ है। रतलाम शहर में गुजरात के बारडोली के विधायक ईश्वर सिंह परमार सर्वे के लिए आएंगे। रतलाम ग्रामीण में गुजरात की पदरा विधानसभा के चेतन्य सिंह झाला सर्वे के लिए आएंगे। सैलाना में सूरत पूर्व के विधायक अरविंद भाई राणा सर्वे करेंगे। आलोट में गुजरात के कर्जन विधायक अक्षय पटेल सर्वे के लिए आएंगे। जावरा विधानसभा के लिए संभावित नाम में फेरबदल हुआ है।
इनका कहना है
पार्टी ने जिन विधायकों को जिले में सर्वे के लिए नियुक्त किया है, उन्हें लेने के लिए मैं भोपाल आया हूं। कल से सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में पहुंचकर सर्वे कार्य शुरू करेंगे।
-प्रदीप उपाध्याय, जिला महामंत्री भाजपा, रतलाम



