
रतलाम,16सितम्बर(खबरबाबा.काम)। शुक्रवार रात से जिले में झमाझम बारिश का दौर जारी है। इस बार बारिश के मौसम में पहली बार ऐसी मूसलधार झमाझम हुई। धोलावाड़ डेम में भी इतना लबरेज हो गया कि दोपहर 2:00 बजे तक तीन गेट खोले जा चुके हैं।

कल शाम से तेज बारिश चालु है। मानसून सत्र में ऐसी बरसात पहली बार देख हर कोई खुश हो गया। तेज झमाझम को देख कलेक्टर नरेन्द्र सूर्यवंशी ने सुबह स्कूलों की छुट्टी घोषित की लेकिन तब तक बच्चे घर से स्कूल के निकल चुके थे। फरमान पहुंचने पर स्कूलों में छुट्टी कर दी गई। छोटे पुल और पुलियाओं की रपट पर पानी बह निकला। कई पुलिया तो पानी उफान पर रहा। पिछले चौबीस घंटे में बारिश का ताजा आंकड़ा देखे तो पता चलता है कि सबसे ज्यादा बारिश आदिवासी अंचल के बाजना विकासखंड में बरसा है वहां दस इंच औसत बारिश दर्ज की गई है।

धोलावाड़ डेम लबालब- गेट खोले
शुक्रवार की शाम की बारिश के बाद धोलावाड़ डेम में पानी का स्तर अचानक ही बढऩे लगा। डेम के लबरेज होने पर पानी छोडऩे की नौबत आ गई। पता चलते ही आज सुबह अधिकारी धोलावाड़ डेम पर पहुंचे और डेम में पानी के स्तर का मुआयना कर एक गेट खोलना तय किया। दोपहर 2:00 बजे तक तीन गेट खोले जाने की जानकारी सामने आई है। उधर, जिले में कई जगह के पुल-पुलियाओं के साथ नदी में पानी का बहाव बढ़ा है। कई जगह उफान के हालात है। सैलाना के अडवानिया में स्थित केदारेश्वर का झरना पूरा वेग से बह निकला है।


