रतलाम: मेडिकल कॉलेज की तीसरी मंजिल पर फंसी महिला को बचाने के लिए चला रेस्क्यू ऑपरेशन, सुरक्षित नीचे उतारा, जानिए क्या है मामला

indresh98kumar@gmail.com
2 Min Read
||

रतलाम,19अक्टूबर(खबरबाबा.काम)। गुरुवार सुबह मेडिकल कॉलेज में उस समय हड़कंप मच गया जब इलाज के लिए भर्ती एक मानसिक रोगी महिला मेडिकल कॉलेज भवन की तीसरी मंजिल पर चढ़कर पाइप से उतरने का प्रयास करने लगी। बाद में महिला को सीढी और रस्सी के सारे काफी प्रयासों के बाद सुरक्षित नीचे उतरा गया।

घटना गुरुवार सुबह 10:30 बजे लगभग की है। एक मानसिक रूप से बीमार महिला मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग पर चढ़ गई। महिला छत पर से पाइप के सहारे नीचे उतरने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान वह बिल्डिंग के तीसरे माले पर फंस गई । महिला को सबसे पहले मेडिकल कॉलेज के सुरक्षा गार्ड ने देखा और पुलिस चौकी पर सूचना दी। इसी दौरान महिला का बेटा भी मौके पर पहुंचा। मां की जान बचाने के लिए वह पाइप के सहारे ही ऊपर चढ़ गया और महिला को संभाला । मेडिकल कॉलेज पुलिस चौकी के एएसआई सुनील सिंह ने मौके पर फायर ब्रिगेड बुलवाई और सीढ़ी और रस्सी के सहारे बीमार महिला को नीचे उतारा गया। रेस्क्यू के बाद बीमार महिला को फिर से मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है।

महिला के बेटे महेश ने बताया कि वह इमलीपाड़ा बाजना के रहने वाले हैं। पिताजी की मृत्यु के बाद माता मानसिक रूप से बीमार हो गई है। उन्हें 17 तारीख को मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया था। वह नाश्ता लेने बाहर आया था तभी उसकी मां अस्पताल की छत पर पहुंच गई और पाइप के सहारे नीचे उतरने का प्रयास करने लगी।

बहरहाल गनीमत रही कि समय रहते पुलिस और फायर ब्रिगेड की मदद से महेश ने अपनी मां की जान बचा ली।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *