
रतलाम,22नवम्बर(खबरबाबा.काम)। शहर में एक बार फिर चोरों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कर दी है। बीती रात बदमाशों ने औद्योगिक थाना क्षेत्र के कस्तूरबा नगर में दो स्थानों पर चोरी का प्रयास किया। एक स्थान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में चोरों की हरकत कैद हुई है।

बदमाशों ने बीती रात कस्तूरबा नगर रोड नंबर 5 में स्थित विजन सोनोग्राफी सेंटर पर चोरी की वारदात का प्रयास किया। बुधवार सुबह जब पानी की कैन रखने वाला आया तो उसने सोनोग्राफी सेंटर की शटर को खुला देखा। उसने इसकी सूचना सोनोग्राफी सेंटर के संचालक डॉक्टर विजय बहादुर सिंह को दी। इसके बाद डॉक्टर श्री सिंह मौके पर पहुंचे।

सोनोग्राफी सेंटर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को चेक करने पर पता चला कि रात करीब पौने दो बजे एक बाइक पर सवार तीन बदमाश मौके पर आए। एक बदमाश बाहर खड़ा रहा और दो बदमाश गेट फलांगकर अंदर आए। बदमाशों ने शटर को उचकाया और अंदर घुस गए। डॉक्टर श्री सिंह के अनुसार बदमाशों को सेंटर में मशीनों के अलावा कुछ नहीं मिला। थोड़ी बहुत चिल्लर बदमाश ले गए। डॉक्टर श्री सिंह ने चोरी की वारदात की सूचना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को दी है।

मेन रोड पर भी शटर उचकाया
बदमाशों ने कस्तूरबा नगर में रोड स्थित मनोज फोटो स्टूडियो पर भी शूटर उचकाकर चोरी की वारदात का प्रयास किया। दुकान संचायक मनोज ने बताया कि शटर के पीछे काउंटर होने के कारण कर अंदर घुसने में कामयाब नहीं हो सके। जिस स्थान पर चोरों ने शटर उठाया वह राम मंदिर चौराहे से कुछ मीटर की दूरी पर ही है। राम मंदिर चौराहे पर पुलिस पॉइंट भी रहता है।
इधर दो स्थानों पर चोरी के प्रयास की वारदात से क्षेत्रीय रहवासी चिंतित है।



