रतलाम: एक्शन मोड में कलेक्टर भास्कर लाक्षाकर- शहर में निर्मित सड़कों की जांच के लिए बनाई कमेटी, चार दिन में सौंपेगी रिपोर्ट

indresh98kumar@gmail.com
3 Min Read
|

रतलाम,25नवम्बर(खबरबाबा.काम)। विधानसभा चुनाव की मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार अन्य प्रशासनिक कार्यों को लेकर भी एक्शन मोड में नजर आने लगे हैं। कलेक्टर ने शहर में निर्मित कई सड़कों के जांच के निर्देश देते हुए कमेटी का गठन कर दिया है। यह कमेटी चार दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

प्रशासनिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शहर में नगर निगम द्वारा हाल ही में निर्मित कुछ सड़कों की गुणवत्ता को लेकर कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार को सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यम से शिकायते प्राप्त हुई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री लाक्षाकार ने निर्माणाधीन एवं निर्मित सड़कों की जांच के निर्देश देते हुए कमेटी का गठन कर दिया है।

यह अधिकारी है कमेटी में

कलेक्टर द्वारा गठित कमेटी में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग के कार्यपालन यंत्री कमेटी के प्रमुख रहेंगे। लोक निर्माण विभाग के एसडीओ कमेटी के सदस्य रहेंगे। कलेक्टर के निर्देश अनुसार कमेटी चार दिन में सड़कों की गुणवत्ता संबंधी जांच कर विस्तृत प्रतिवेदन के साथ अपनी रिपोर्ट कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत करेगी। रिपोर्ट में मिले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

नगरी निकायों की बैठक लेकर कलेक्टर ने दिए निर्देश

उल्लेखनीय है कि पिछले दिनों भी कलेक्टर भास्कर लाक्षाकार अचानक नगर निगम पहुंचे थे। वहां उन्होंने कार्यालय व्यवस्थाओं को परखते हुए निर्माण कार्य की भी समीक्षा की थी। अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए थे। कार्य में लापरवाही पर एक अधिकारी को नोटिस भी जारी किया था।

शनिवार को भी कलेक्टर श्री लाक्षाकार ने जिले के नगरीय निकायों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने सड़क बिजली और पानी की व्यवस्थाओं पर विशेष रूप से फोकस करने के निर्देश अधिकारियों को जारी किए हैं।

इनका कहना है

सड़कों की गुणवत्ता को लेकर शिकायतें प्राप्त हुई थी। इन्हें गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए दो सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। कमेटी जांच कर चार दिन में अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

-भास्कर लाक्षाकार, कलेक्टर रतलाम

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *